Saharsa Medical College: सहरसा. कोशी विकास संघर्ष मोर्चा ने सहरसा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के निर्माण कार्य में हो रही देरी और दरभंगा एम्स परियोजना की धीमी प्रगति पर चिंता जताते हुए मुख्यमंत्री को विस्तृत ज्ञापन भेजा है. मोर्चा ने दोनों परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की मांग करते हुए कहा कि कोसी क्षेत्र की जनता वर्षों से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का इंतजार कर रही है.
तीन वर्ष बाद भी शुरू नहीं हुआ निर्माण कार्य
मोर्चा के संस्थापक अध्यक्ष विनोद कुमार झा और संरक्षक प्रवीण आनंद ने कहा कि 15 अगस्त 2023 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सहरसा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की घोषणा की थी. लेकिन लगभग तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है. इससे कोसी क्षेत्र के लोगों में निराशा और असंतोष बढ़ता जा रहा है.
दरभंगा एम्स की प्रगति पर भी उठाए सवाल
मोर्चा ने कहा कि कोसी क्षेत्र की मूल मांग सहरसा में एम्स की स्थापना की रही है. बाद में दरभंगा में एम्स की घोषणा होने पर लोगों ने उसका स्वागत किया था, लेकिन परियोजना की प्रगति अपेक्षित गति से नहीं हो रही है. संगठन ने सरकार से दरभंगा एम्स निर्माण की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से सार्वजनिक करने की मांग की है.
स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा कोसी क्षेत्र
मोर्चा के नेताओं ने कहा कि कोसी क्षेत्र आज भी बाढ़, गरीबी और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसी समस्याओं से प्रभावित है. गंभीर मरीजों को इलाज के लिए पटना, दिल्ली और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है. कई मामलों में समय पर इलाज नहीं मिलने से जान का भी नुकसान होता है.
सरकार के सामने रखी प्रमुख मांगें
मोर्चा ने मुख्यमंत्री से सहरसा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने, सहरसा में एम्स की स्थापना पर पुनर्विचार करने तथा यदि एम्स दरभंगा में ही स्थापित किया जाना है तो निर्माण में आ रही सभी बाधाओं को दूर कर परियोजना को शीघ्र पूरा कराने की मांग की है.
सितंबर से आमरण अनशन की चेतावनी
Saharsa Medical College: मोर्चा ने स्पष्ट किया कि यदि अगस्त माह तक सरकार की ओर से कोई ठोस और सकारात्मक पहल नहीं की गई तो सितंबर से कोसी क्षेत्र में जनहित को लेकर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जाएगा. संगठन ने कहा कि ऐसी स्थिति में आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी बिहार सरकार की होगी.
ये भी पढ़ें: आय से अधिक संपत्ति मामले में डीपीओ अजित अमर के चार ठिकानों पर ईओयू की छापेमारी, पांच घंटे चली जांच
