Saharsa Mandi Bhav: सहरसा से विनय कुमार मिश्र की विशेष रिपोर्ट. सहरसा मंडी में आज खाद्यान्न और दलहन के दामों में बड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिला. सुबह से ही मंडी में किसानों, व्यापारियों और खरीददारों की भीड़ लगी रही. एक तरफ जहां मक्का के दामों में गिरावट ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है, वहीं दूसरी ओर दाल, सरसों और बासमती चावल की कीमतों में तेजी देखने को मिली. कारोबारियों का कहना है कि मौसम और बाजार की मांग के कारण आने वाले दिनों में कीमतों में और बदलाव हो सकता है.
स्थानीय व्यापारियों के अनुसार इस समय मंडी में सबसे ज्यादा चर्चा मक्का और सरसों के भाव को लेकर हो रही है. किसानों को उम्मीद थी कि इस बार मक्का बेहतर कीमत पर बिकेगा, लेकिन बाजार में गिरावट से उन्हें झटका लगा है.
मक्का के दाम टूटे, गेहूं में बनी स्थिरता
आज सहरसा मंडी में मक्का का अधिकतम भाव 2000 रुपये और न्यूनतम 1900 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया. किसानों का कहना है कि लागत के मुकाबले उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है. वहीं गेहूं 2400 से 2500 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिक रहा है.
चावल बाजार में अच्छी तेजी देखने को मिली. खिलाखिला चावल 5200 से 5280 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है. वहीं 24 कैरेट बासमती चावल 5700 से 5760 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है. 24 कैरेट जी हां चावल का भाव 5500 से 5520 रुपये प्रति क्विंटल दर्ज किया गया.
दाल और सरसों के दाम ने बढ़ाई हलचल
दालों के बाजार में भी तेजी बनी हुई है. अरहर दाल का अधिकतम भाव 15000 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया, जबकि मूंग दाल 9500 से 10000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिक रही है. मसूर दाल 6500 से 7000 रुपये और चना दाल 7000 से 7400 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज की गई.
सरसों पीला का भाव 11000 से 12000 रुपये प्रति क्विंटल पहुंच गया है. वहीं धारा सरसों तेल 15 लीटर का भाव 2470 से 2480 रुपये तक रहा. व्यापारियों का कहना है कि तेल और दाल की मांग बढ़ने से कीमतों में तेजी बनी हुई है.
सब्जी बाजार में राहत, आलू-प्याज सस्ते
सब्जी बाजार में फिलहाल लोगों को थोड़ी राहत मिली है. आलू 800 से 900 रुपये प्रति क्विंटल और प्याज 1600 से 1700 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिक रहा है. कारोबारियों के मुताबिक आवक सामान्य रहने के कारण सब्जियों के दाम नियंत्रित हैं.
