Mobile Snatching: सहरसा सदर थाना क्षेत्र के पुरानी जेल बटराहा के समीप शुक्रवार शाम पूजा भोग फ्लोर के मैनेजर श्याम त्रिवेदी के साथ मोबाइल छीनने के प्रयास के दौरान हुई फायरिंग की घटना के बाद प्रतिष्ठान संचालक अर्जुन चौधरी ने जिला प्रशासन से सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में उनके प्रतिष्ठानों से जुड़ी यह तीसरी बड़ी आपराधिक घटना है. इधर पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी है.
मोबाइल छीनने का विरोध करने पर की फायरिंग
अर्जुन चौधरी ने बताया कि श्याम त्रिवेदी प्रतिदिन की तरह विभिन्न दुकानों से ऑर्डर लेने निकले थे. बटराहा स्थित पुरानी जेल जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया. आरोप है कि अपराधियों ने पिस्तौल दिखाकर उन्हें बाइक से उतारा और मोबाइल छीनने का प्रयास किया. विरोध करने पर दो राउंड फायरिंग की गई. हालांकि दोनों गोलियां श्याम त्रिवेदी को नहीं लगीं. शोर सुनकर आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी तो बदमाश मौके से फरार हो गए.
दो वर्षों में तीसरी बड़ी वारदात का दावा
प्रतिष्ठान संचालक अर्जुन चौधरी ने बताया कि वर्ष 2025 में उनके पेट्रोल पंप पर लूट हुई थी और वर्ष 2026 में पूजा फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर भी आपराधिक घटना हुई थी. दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था. इसके बावजूद अब तीसरी घटना सामने आने के बाद उन्होंने अपने प्रतिष्ठानों और कर्मचारियों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है.
सीसीटीवी से दो संदिग्धों की पहचान
सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में सदर एसडीपीओ आलोक कुमार ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच में घटना में शामिल दो संदिग्ध अपराधियों की पहचान कर ली गई है.
गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी
Mobile Snatching: एसडीपीओ ने बताया कि पीड़ित के आवेदन पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. दोनों संदिग्ध आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने विश्वास जताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का सफल उद्भेदन कर लिया जाएगा.
ALSO READ: पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था शुरू, पहले दिन नहीं मिला अपेक्षित प्रतिसाद
