सामाजिक चेतना और विद्रोही लेखन के प्रतीक थे राजकमल, पुण्यतिथि पर साहित्य प्रेमियों ने किया याद

Rajkamal Chaudhary Death Anniversary: मात्र 37 वर्ष की उम्र में साहित्य जगत को अलविदा कहने वाले राजकमल चौधरी आज भी अपनी बेबाक लेखनी, सामाजिक सरोकारों और मानवीय संवेदनाओं के कारण पाठकों के बीच जीवंत हैं.

सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट:

Rajkamal Chaudhary Death Anniversary: आधुनिक हिंदी एवं मैथिली साहित्य के प्रमुख हस्ताक्षर राजकमल चौधरी की पुण्यतिथि पर गुरुवार को साहित्य प्रेमियों और बुद्धिजीवियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की. इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि राजकमल चौधरी केवल साहित्यकार नहीं थे, बल्कि समाज की विसंगतियों, रूढ़ियों और अंतर्विरोधों को उजागर करने वाले एक निर्भीक चिंतक भी थे.

समाज की जटिलताओं को लेखन में दी अभिव्यक्ति

शिक्षाविद एवं साहित्यकार दिलीप कुमार चौधरी ने कहा कि साहित्य मनुष्य को जानने और समझने का सबसे प्रभावी माध्यम है. राजकमल चौधरी ने अपने लेखन के माध्यम से आधुनिक समाज की जटिलताओं, मध्यवर्गीय कुंठाओं, आर्थिक विषमताओं तथा स्त्री जीवन की पीड़ाओं को गहराई से अभिव्यक्त किया. वे सामाजिक कुरीतियों, रूढ़िवादिता और अन्याय के खिलाफ लगातार लिखते रहे.

अल्पायु में छोड़ी अमिट छाप

वक्ताओं ने कहा कि मात्र 37 वर्ष की आयु में राजकमल चौधरी ने साहित्य जगत में ऐसी अमिट छाप छोड़ी, जिसने उन्हें कालजयी साहित्यकारों की श्रेणी में स्थापित कर दिया. उनका मानना था कि आर्थिक स्वतंत्रता ही व्यक्ति को वास्तविक स्वतंत्रता और नैतिक शक्ति प्रदान करती है.

हिंदी और मैथिली साहित्य को दी अमूल्य कृतियां

राजकमल चौधरी ने अपने उपन्यासों, कहानियों और कविताओं में समाज के विभिन्न वर्गों के संघर्ष, अस्मिता, पीड़ा और जीवन की विडंबनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया. उनकी चर्चित हिंदी कृतियों में मछली मरी हुई, अग्निस्नान, ताश के पत्तों का शहर, शहर था शहर नहीं था, नदी बहती थी, देहगाथा और मुक्ति प्रसंग शामिल हैं.

वहीं मैथिली साहित्य में ललका पाग और सांझक गाछ जैसी रचनाएं आज भी व्यापक रूप से पढ़ी जाती हैं और नई पीढ़ी को प्रेरित कर रही हैं.

स्त्री विमर्श को दी नई दृष्टि

वक्ताओं ने कहा कि राजकमल चौधरी उन विरले साहित्यकारों में थे जिन्होंने स्त्री मन की गहराइयों को समझते हुए सामाजिक संरचना की विसंगतियों और स्त्री जीवन की जटिलताओं को नई दृष्टि से प्रस्तुत किया. उनकी कहानियां जलते हुए मकान में कुछ लोग, जीभ पर बूटों के निशान, कांच की दीवार और पिरामिड समकालीन समाज का सशक्त चित्रण करती हैं.

आज भी युवाओं के बीच लोकप्रिय हैं रचनाएं

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राजकमल चौधरी की रचनाएं आज भी युवाओं और साहित्य प्रेमियों के बीच बेहद लोकप्रिय हैं. उनका साहित्य समाज, व्यक्ति और नैतिकता के बीच संतुलन स्थापित करने का संदेश देता है.

मिथिला की धरती महिषी में जन्मे इस महान साहित्यकार की रचनात्मक विरासत आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहेगी. उनकी पुण्यतिथि पर साहित्य जगत ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >