Saharsa Railway Safety: सहरसा. रेलवे यात्रियों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक रेल थाना क्षेत्र में महिला पुलिस दीदी टीम का गठन किया गया है. सहरसा जंक्शन पर गठित टीम ने शनिवार को रेलवे कॉलोनी और शहर के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को सुरक्षा, सतर्कता और जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी.
ट्रेन में परेशानी होने पर अगले स्टेशन पर मिलेगी सहायता
अभियान के दौरान बच्चों और महिलाओं को बताया गया कि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हेल्पलाइन के माध्यम से दी जा सकती है. सूचना मिलने पर अगले स्टेशन पर महिला पुलिस दीदी टीम सहायता के लिए उपलब्ध रहेगी.
बाल श्रम और मानव तस्करी से बचाव की दी जानकारी
पुलिस निरीक्षक संजीव कुमार की निगरानी में चलाए गए जागरूकता अभियान में महिला दरोगा शिल्पी कुमारी, महिला सिपाही ज्योति कुमारी, रानी कुमारी और निभा कुमारी के अलावा कांस्टेबल प्रभाकर पांडे और कमलेश कुमार शामिल रहे.
टीम ने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को बाल श्रम, मानव तस्करी, देह व्यापार, नशाखुरानी गिरोह तथा अन्य सामाजिक अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी. बच्चों को सतर्क रहने और किसी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील की गई.
संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखे तो तुरंत दें सूचना
महिला पुलिस दीदी टीम ने बच्चों को बताया कि ट्रेन या रेलवे स्टेशन पर कोई संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु अथवा आपराधिक गतिविधि नजर आने पर तत्काल रेलकर्मियों, रेलवे सुरक्षा बल या संबंधित हेल्पलाइन को सूचना देनी चाहिए. समय पर दी गई सूचना किसी बड़ी घटना को रोकने में मददगार साबित हो सकती है.
प्रमुख स्टेशनों पर बनेंगे हेल्प डेस्क
अभियान के दौरान महिलाओं और बच्चों को बताया गया कि प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर महिला पुलिस दीदी टीम के हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे. इन हेल्प डेस्क के माध्यम से महिलाएं और बच्चे अपनी समस्या, शिकायत या सहायता की जरूरत सीधे टीम के सामने रख सकेंगे.
लगातार चलेगा जागरूकता अभियान
Saharsa Railway Safety: रेल अधिकारियों के अनुसार महिला पुलिस दीदी टीम आगे भी स्कूलों, रेलवे परिसरों और सार्वजनिक स्थलों पर लगातार जागरूकता अभियान चलाएगी. इसका उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को सुरक्षा संबंधी जानकारी देने के साथ यात्रियों के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और भरोसेमंद यात्रा का माहौल तैयार करना है.
ये भी पढ़ें: मेमू पैसेंजर ट्रेन में आग का प्रारंभिक कारण सामने आया, कंप्रेसर टंकी से शुरू हुई थी आग
