Saharsa News: सौरबाजार (सहरसा). थाना क्षेत्र में बिजली तार चोरी के मामले में हिरासत में लिए गए एक युवक के समर्थन में बुधवार को उसके परिजन और ग्रामीण सौरबाजार थाना पहुंचे और थाना गेट पर विरोध-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने युवक को झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया, जबकि पुलिस ने कहा कि मामले की जांच उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है.
रात में घर से ले जाने का लगाया आरोप
गिरफ्तार युवक की पहचान थाना क्षेत्र के अजगैवा वार्ड संख्या-4 स्थित भवानीपुर गांव निवासी रामप्रवेश यादव के रूप में हुई है. उनकी पत्नी रुपन कुमारी ने आरोप लगाया कि मंगलवार की रात करीब दो बजे पुलिस उनके पति को घर से उठाकर थाना ले गई. उनका दावा है कि उस समय उनके पास कोई आपत्तिजनक सामान नहीं था.
स्कॉर्पियो जब्त करने का भी लगाया आरोप
रुपन कुमारी ने आरोप लगाया कि बुधवार सुबह पुलिस उनके घर पहुंची और दरवाजे पर खड़ी स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया. उनका कहना है कि वाहन में बिजली का तार और अन्य सामान रखकर उनके पति को झूठे मामले में फंसाया गया है. इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है.
थाना गेट पर किया विरोध-प्रदर्शन
घटना के विरोध में भवानीपुर गांव के सरयू यादव, लालू कुमार, अंजू कुमार यादव, संझा देवी, रंजना देवी सहित दर्जनों महिला और पुरुष सौरबाजार थाना पहुंचे तथा थाना गेट पर प्रदर्शन किया. पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गयी.
पुलिस बोली- साक्ष्यों के आधार पर हो रही कार्रवाई
Saharsa News: सौरबाजार थानाध्यक्ष सुबोध कुमार ने परिजनों के आरोपों को निराधार बताया. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति की बिजली तार चोरी की घटना में संलिप्तता के साक्ष्य मिले हैं. फिलहाल हिरासत में लिए गए किसी भी व्यक्ति को जेल नहीं भेजा गया है और सभी से पूछताछ की जा रही है. पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
ये भी पढ़ें: समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन अग्निकांड की जांच तेज, जले कोच से साक्ष्य जुटाने में लगी विशेषज्ञ टीम
