Saharsa Model Police Station: पतरघट (सहरसा). बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम द्वारा निर्मित नए मॉडल थाना भवन का बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. कुमार आशीष ने उद्घाटन किया. इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग, प्रभारी एसडीपीओ ओम प्रकाश, सर्किल इंस्पेक्टर श्रीराम सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया. थाना परिसर पहुंचने पर पुलिस जवानों ने डीआईजी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जबकि स्थानीय समाजसेवियों ने पाग, चादर और पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का सम्मान किया.
नशामुक्त समाज बनाने की अपील
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि सुरक्षित और शांतिपूर्ण समाज के निर्माण के लिए पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है. उन्होंने लोगों से नशामुक्त बिहार अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि नशा सामाजिक बुराइयों की सबसे बड़ी वजह है और इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित होता है.
आधुनिक थाना बनेगा भरोसे का केंद्र
डीआईजी ने कहा कि नया मॉडल थाना भवन केवल प्रशासनिक परिसर नहीं, बल्कि पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास का मजबूत केंद्र बनेगा. यहां आने वाले लोगों को बेहतर वातावरण, आधुनिक सुविधाएं और त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. उन्होंने पुलिसकर्मियों को प्रत्येक फरियादी की शिकायत का समयबद्ध और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
एसपी ने बेहतर पुलिसिंग का जताया भरोसा
पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने कहा कि आधुनिक आधारभूत संरचना से पुलिसकर्मियों को कार्य निष्पादन में सुविधा मिलेगी और इसका सीधा लाभ आम नागरिकों को मिलेगा. उन्होंने थाना कर्मियों से नए भवन की सुविधाओं का प्रभावी उपयोग करते हुए पारदर्शी, जवाबदेह और संवेदनशील पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा.
आधुनिक सुविधाओं से लैस है भवन
नवनिर्मित मॉडल थाना भवन में अधिकारियों एवं कर्मियों के लिए अलग-अलग कार्यालय कक्ष, अभिलेख कक्ष, पूछताछ कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, आगंतुकों के लिए प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल, शौचालय सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. इससे अपराध अनुसंधान, जनसुनवाई और प्रशासनिक कार्यों के संचालन में सुविधा मिलेगी.
भवन का किया निरीक्षण
उद्घाटन के बाद डीआईजी और एसपी ने थाना भवन का निरीक्षण किया. उन्होंने विभिन्न कक्षों का अवलोकन कर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, अभिलेखों के रखरखाव और कार्यालय संचालन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए.
जनप्रतिनिधियों ने जताई खुशी
Saharsa Model Police Station: स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने नए थाना भवन के निर्माण पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि लंबे समय से क्षेत्र को आधुनिक थाना भवन की आवश्यकता थी. उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे पुलिस की कार्यक्षमता बढ़ेगी और अपराध नियंत्रण के साथ पुलिस-जनता के संबंध और मजबूत होंगे.कार्यक्रम में बीडीओ इंद्रदेव कुमार निराला, पतरघट थानाध्यक्ष शशि कुमार, पस्तपार थानाध्यक्ष विजय पासवान, पुअनि निधि गुप्ता, पुअनि राजकिशोर प्रसाद, पुअनि अब्दुल मनान, पुअनि सुधीर कुमार, पुअनि अनुज कुमार, पुअनि रामजीवन पासवान, एएसआई अजय पासवान, पीटीसी धर्मवीर चौधरी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी, स्थानीय प्रशासन के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: समस्तीपुर-सहरसा पैसेंजर ट्रेन अग्निकांड की जांच तेज, जले कोच से साक्ष्य जुटाने में लगी विशेषज्ञ टीम
