योजनाओं के बंटवारे भेदभाव, पंचायत समिति की बैठक में हंगामा

सलखुआ प्रखंड कार्यालय में पंचायत समिति की बैठक के दौरान योजनाओं के आवंटन में भेदभाव को लेकर सदस्यों ने जमकर हंगामा किया और समान वितरण की मांग की।

सलखुआ (सहरसा). प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित सभा भवन में प्रखंड प्रमुख सरिता संगम की अध्यक्षता में आयोजित पंचायत समिति की बैठक हंगामेदार रही. बैठक में अधिकांश पंचायत समिति सदस्यों ने पंचायतों में योजनाओं के आवंटन में भेदभाव बरते जाने का आरोप लगाया. सदस्यों ने सभी पंचायतों को समान रूप से योजनाओं का लाभ देने की मांग की. पूर्व प्रमुख बाबूलाल मंडल ने योजनाओं के क्रियान्वयन में बरती जा रही सुस्ती का मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि योजनाओं के चयन एवं क्रियान्वयन में पारदर्शिता और समानता सुनिश्चित की जानी चाहिए. इसके अलावा कई सदस्यों ने पंचायतों के बीच योजनाओं के समान बंटवारे की मांग रखी.

कृषि, स्वास्थ्य व सहकारिता समेत कई विभागों की हुई समीक्षा

बैठक में कृषि, पशुपालन, श्रम संसाधन, सहकारिता एवं स्वास्थ्य विभाग से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की गयी. नई योजनाओं के चयन के साथ-साथ पूर्व में स्वीकृत योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा हुई. योजनाओं को लेकर सदस्यों के बीच काफी देर तक आरोप-प्रत्यारोप और बहस होती रही.

सर्वसम्मति से सात स्थायी समितियों का किया गया गठन

लंबी चर्चा के बाद सर्वसम्मति से विभिन्न स्थायी समितियों का गठन किया गया. वित्त, अंकेक्षण एवं योजना समिति की जिम्मेदारी सरिता संगम को सौंपी गयी. शिक्षा समिति में पीयूष गोयल (कोपरिया) एवं कुमारी इंदु रानी (सितुआहा) को शामिल किया गया. उत्पादन समिति की अध्यक्ष नीलम देवी (कबीरा) बनायी गयीं. सामान्य स्थायी समिति की जिम्मेदारी चंदेश्वरी चौधरी (हरेवा) को दी गयी. सामाजिक न्याय समिति की अध्यक्ष नूतन कुमारी (साम्हर खुर्द) बनायी गयीं. लोक निर्माण समिति में दीपक कुमार (हरेवा) एवं अंदुला देवी (आलानी) को शामिल किया गया. लोक स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं ग्रामीण स्वच्छता समिति में सरिता संगम एवं इंदु रानी को जिम्मेदारी दी गयी.

बीडीओ बोले, योजनाओं के आवंटन में नहीं होगा भेदभाव

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ सह कार्यपालक पदाधिकारी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि पंचायतों में योजनाओं के आवंटन में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जायेगा. सभी पंचायतों के साथ समान व्यवहार करते हुए नियमानुसार योजनाओं का चयन और क्रियान्वयन कराया जायेगा. बैठक में पंचायती राज पदाधिकारी कैलाश पासवान, सीओ रवि कुमार, राजस्व पदाधिकारी, उपप्रमुख बाबूलाल यादव, पंचायत समिति सदस्य धर्मचंद महतो, दीपक दास, पीयूष गोयल, मेराज आलम, चंदेश्वरी चौधरी, नीलम देवी, पुतुल देवी, नूतन देवी, कुमारी इंदु रानी, रीता देवी एवं मुखिया प्रतिनिधि मानसून पासवान सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.

मनरेगा व पीडीएस विभाग के अधिकारी रहे अनुपस्थित

बैठक में मनरेगा एवं पीडीएस विभाग के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी सदस्यों ने नाराजगी जतायी. सदस्यों ने कहा कि महत्वपूर्ण बैठकों में विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि योजनाओं से जुड़े मामलों का समय पर निष्पादन हो सके. ALSO READ भागलपुर में चेक बाउंस के 138 मामलों के निपटारे के लिए विशेष लोक अदालत शुरू, तीन पीठों में होगी सुनवाई


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >