अत्याधुनिक ऑक्सीजन गैस प्लांट का उद्घाटन, 5 मिनट में भरे जा सकेंगे 40 सिलेंडर

सहरसा के सिमरी बख्तियारपुर में नवनिर्मित एनएसपी इंडिया ऑक्सीजन गैस प्लांट का उद्घाटन किया गया है. पांच मिनट में 40 सिलेंडर रिफिल करने की क्षमता वाले इस अत्याधुनिक प्लांट से गंभीर मरीजों को अब ऑक्सीजन के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा.

सिमरी बख्तियारपुर, सहरसा से आयुष की रिपोर्ट: कोशी क्षेत्र की स्वास्थ्य सुविधाओं को एक नई मजबूती मिली है. प्रखंड क्षेत्र के सरोजा रूपा ईंट चिमनी के समीप नवनिर्मित ‘एनएसपी इंडिया ऑक्सीजन गैस प्लांट’ का विधिवत उद्घाटन किया गया. सहरसा के सुप्रसिद्ध सर्जन डॉ. अजय कुमार सिंह और लक्ष्मी सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस प्लांट का शुभारंभ किया.

गंभीर मरीजों के लिए संजीवनी बनेगा यह प्लांट: डॉ. अजय

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि सिमरी बख्तियारपुर जैसे अनुमंडल क्षेत्र में ऑक्सीजन प्लांट की लंबे समय से आवश्यकता महसूस की जा रही थी. उन्होंने कहा कि कई बार ऑक्सीजन की कमी के कारण गंभीर मरीजों को सहरसा या अन्य बड़े शहरों में रेफर करना पड़ता था, जो जोखिम भरा होता था. अब स्थानीय स्तर पर ऑक्सीजन की उपलब्धता होने से मरीजों की जान बचाने में मदद मिलेगी और स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ होगी.

अत्याधुनिक तकनीक से लैस है यूनिट

प्लांट के प्रोपराइटर नवीन सिंह ने बताया कि यह यूनिट पूरी तरह अत्याधुनिक मशीनों से सुसज्जित है. प्लांट की क्षमता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यहां मात्र पांच मिनट के भीतर 40 ऑक्सीजन सिलेंडरों की रिफिलिंग की जा सकती है. इतनी उच्च क्षमता होने के कारण आपातकालीन परिस्थितियों में भी ऑक्सीजन की किल्लत नहीं होगी. यह प्लांट क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी क्लीनिकों के लिए भी वरदान साबित होगा.

कार्यक्रम में गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों ने भी प्लांट की स्थापना की सराहना की. समारोह में प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष सुमन कुमार सिंह, उपाध्यक्ष संजीव जायसवाल, जीवन सिंह, प्रसून सिंह, नंदकिशोर सिंह एवं ओंकार शरण सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >