सहरसा. रक्तकाली चौंसठ योगिनी मंदिर न्यास समिति मत्स्यगंधा की बैठक में लिए गये निर्णय के आलोक में मत्स्यगंधा झील में मत्स्य पालन के लिए तीन वर्षों की बंदोबस्ती खुली डाक के माध्यम से की जायेगी. यह निर्णय पिछले 24 अप्रैल को जिलाधिकारी सह अध्यक्ष रक्तकाली चौंसठ योगिनी मंदिर न्यास समिति दीपेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में लिया गया था. मत्स्यगंधा झील की बंदोबस्ती का आधार मूल्य 57 लाख 51 हजार रुपये निर्धारित किया गया है. खुली डाक का आयोजन 27 जून को अपराह्न चार बजे विकास भवन सभा कक्ष में किया जायेगा. इच्छुक व्यक्ति निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर बोली प्रक्रिया में भाग ले सकते हैं. न्यास समिति द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुसार उच्चतम बोलीदाता को बंदोबस्ती राशि का 60 प्रतिशत भाग 48 घंटे के भीतर एवं शेष 40 प्रतिशत राशि एक वर्ष के अंदर जमा करनी होगी. डाक में भाग लेने के लिए इच्छुक बोलीदाताओं को प्रारंभिक सुरक्षित राशि के रूप में निर्धारित मूल्य का 10 प्रतिशत नगद या डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से अनुमंडल नाजिर सदर के पास जमा करना अनिवार्य होगा. बोलीदाताओं को फोटोयुक्त पहचान पत्र की प्रति प्रस्तुत करनी होगी एवं सफल बोलीदाता को आचरण प्रमाण पत्र भी जमा करना पड़ेगा. जिन व्यक्तियों पर पूर्व वर्षों की किसी बंदोबस्ती की राशि बकाया होगी, उन्हें डाक में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जायेगी. बकाया राशि जमा करने के बाद ही वे शपथ पत्र के साथ बोली में शामिल हो सकेंगे. नियमों के अनुसार बंदोबस्त धारक को झील की साफ-सफाई की जिम्मेदारी निभानी होगी एवं सैरात भूमि पर किसी प्रकार का स्थायी निर्माण नहीं किया जा सकेगा. निर्धारित शर्तों का उल्लंघन होने पर सुरक्षित राशि जब्त करते हुए बंदोबस्ती रद्द की जा सकती है. जिला प्रशासन ने इच्छुक व्यक्तियों से निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर खुली डाक में भाग लेने की अपील की है.
मत्स्यगंधा झील की बंदोबस्ती को लेकर 27 को खुली डाक
रक्तकाली चौंसठ योगिनी मंदिर न्यास समिति मत्स्यगंधा की बैठक में लिए गये निर्णय के आलोक में मत्स्यगंधा झील में मत्स्य पालन के लिए तीन वर्षों की बंदोबस्ती खुली डाक के माध्यम से की जायेगी.
