पटना से सहरसा के रास्ते पूर्णिया कोर्ट तक जल्द मिल सकती है रात्रिकालीन ट्रेन

लंबे इंतजार के बाद कोसी क्षेत्र के लोगों को जल्द बड़ी सौगात मिल सकती है. रेलवे पटना से सहरसा के रास्ते पूर्णिया कोर्ट तक रात्रिकालीन ट्रेन चलाने की तैयारी में जुटा है.

रेलवे मुख्यालय में प्रस्ताव पर मंथन, कोसी क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने की उम्मीद

सहरसा. लंबे इंतजार के बाद कोसी क्षेत्र के लोगों को जल्द बड़ी सौगात मिल सकती है. रेलवे पटना से सहरसा के रास्ते पूर्णिया कोर्ट तक रात्रिकालीन ट्रेन चलाने की तैयारी में जुटा है. इस संबंध में प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय के स्तर पर विचाराधीन है और जल्द ही इसे मंजूरी मिलने की संभावना जतायी जा रही है. समस्तीपुर रेल मंडल के एक शीर्ष अधिकारी ने बताया कि पटना से सहरसा के बीच रात्रिकालीन ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे मुख्यालय में लंबित है. मंजूरी मिलते ही इसके परिचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी. कोसी क्षेत्र के लोग लंबे समय से पटना-सहरसा के बीच रात में ट्रेन चलाने की मांग करते रहे हैं. हाल ही में मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव ने भी रेल मंत्री एवं रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर इस मांग को प्रमुखता से उठाया था.

पूर्णिया कोर्ट तक होगा परिचालन

रेल अधिकारियों के अनुसार, यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो ट्रेन का परिचालन केवल सहरसा तक नहीं, बल्कि पूर्णिया कोर्ट तक किया जायेगा. अधिकारियों का कहना है कि सहरसा में रैक खड़ा करने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण ट्रेन को पूर्णिया कोर्ट तक विस्तारित किया जायेगा.

सुबह चार से पांच बजे के बीच सहरसा पहुंचने की संभावना

रेल सूत्रों के मुताबिक प्रस्तावित रात्रिकालीन ट्रेन का समय इस प्रकार निर्धारित करने पर विचार किया जा रहा है कि ट्रेन सुबह चार से पांच बजे के बीच सहरसा पहुंचे. हालांकि अभी अंतिम समय सारिणी तय नहीं की गयी है. रेलवे विभिन्न विकल्पों पर मंथन कर रहा है.

शाम 3:40 बजे के बाद पटना से नहीं है कोई सीधी ट्रेन

वर्तमान में पटना जंक्शन से सहरसा, सुपौल और मधेपुरा के लिए शाम 3:40 बजे कोसी एक्सप्रेस के प्रस्थान के बाद कोई सीधी ट्रेन उपलब्ध नहीं है. इसके बाद केवल दानापुर से शाम में चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस है, जो हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर और हसनपुर होते हुए सहरसा पहुंचती है.

2005 से उठ रही है मांग

वर्ष 2005 में सहरसा-मानसी बड़ी रेल लाइन के उद्घाटन के बाद से ही कोसी क्षेत्र के लोग पटना से सहरसा के लिए रात्रिकालीन ट्रेन की मांग कर रहे हैं. दो दशक बाद अब इस मांग के पूरा होने की उम्मीद जगी है.

खास बातें

पटना से सहरसा के रास्ते पूर्णिया कोर्ट तक रात्रिकालीन ट्रेन चलाने की तैयारी

रेलवे मुख्यालय में प्रस्ताव विचाराधीन

सहरसा में रैक की व्यवस्था नहीं होने से पूर्णिया कोर्ट तक होगा विस्तार

सुबह चार से पांच बजे के बीच सहरसा पहुंचने की संभावना

वर्ष 2005 से कोसी क्षेत्र के लोग कर रहे हैं मांग

वर्तमान में सहरसा-पटना के बीच प्रमुख ट्रेनें

राज्यरानी एक्सप्रेस (ललितग्राम-सहरसा-पटना)

सहरसा-राजेंद्र नगर इंटरसिटी एक्सप्रेस

पूर्णिया कोर्ट-सहरसा-हटिया कोसी एक्सप्रेस

जनहित एक्सप्रेस सहरसा से पाटलिपुत्र के लिए रात्रिकालीन सेवा

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >