पतरघट (सहरसा) से राजेश कुमार सिंह की रिपोर्ट
सहरसा जिले के पतरघट थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के महज ढाई माह बाद एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने गुप्त रूप से किए जा रहे अंतिम संस्कार के दौरान जलती चिता से शव बरामद कर लिया. पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है.
घटना जम्हरा पंचायत के भद्दीकला बस्ती वार्ड संख्या 14 की है. मृतका की पहचान 21 वर्षीय रागिनी कुमारी, पत्नी माधव कुमार यादव के रूप में हुई है. बताया गया कि बुधवार को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. इसके बाद ससुराल पक्ष के लोग बिना पुलिस और मायके पक्ष को सूचना दिए देर शाम गुप्त रूप से शव का अंतिम संस्कार कर रहे थे.
गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस, चिता से निकाला शव
थानाध्यक्ष शशिकुमार ने बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मध्य विद्यालय भद्दीकला के समीप एक बांसबाड़ी पहुंची. पुलिस वाहन को देखते ही मौके पर मौजूद लोग शव छोड़कर फरार हो गए. शव को मुखाग्नि दी जा चुकी थी, लेकिन आग पूरी तरह फैलने से पहले पुलिस ने शव को चिता से निकालकर कब्जे में ले लिया.
पुलिस ने मृतका के मायके वालों को सूचना दी. गुरुवार को भागलपुर जिले के खरीक बाजार स्थित पात्र टोला से मृतका की मां गुंजन देवी परिजनों के साथ पतरघट थाना पहुंचीं. आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया. इस दौरान राज्य फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए.
प्रेम प्रसंग के बाद हुई थी शादी
मृतका की मां गुंजन देवी ने बताया कि उनकी बेटी इंटर पास थी. करीब ढाई माह पहले रिश्ते के मौसेरे भाई माधव कुमार यादव ने प्रेम प्रसंग के बाद उसे भगाकर शादी कर ली थी. दोनों बालिग होने के कारण परिवार ने कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की थी. शादी के बाद रागिनी अपने पति के साथ भद्दीकला स्थित ससुराल में रह रही थी.
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है. उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें पुलिस से मिली. रागिनी पांच बेटियों और एक बेटे में दूसरी संतान थी.
ससुराल पक्ष फरार, जांच जारी
थानाध्यक्ष शशिकुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मायके पक्ष से प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल ससुराल पक्ष के सभी सदस्य घर छोड़कर फरार हैं. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. स्थानीय ग्रामीण भी घटना को लेकर खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं.
और पढ़ें : जीरो-डोज बच्चों के शत-प्रतिशत टीकाकरण पर जोर, स्वास्थ्य अधिकारियों ने बनाई कार्ययोजना
