मुहर्रम को लेकर सहरसा प्रशासन अलर्ट, 185 स्टैटिक दंडाधिकारी तैनात, 24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम

Muharram 2026: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सहरसा प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. जिले में 185 स्टैटिक दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है, जबकि 24 घंटे कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा. सोशल मीडिया पर भी प्रशासन की पैनी नजर रहेगी.

सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट.

Muharram 2026: मुहर्रम पर्व को लेकर सहरसा जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. बुधवार को प्रेक्षागृह में आयोजित जिला स्तरीय बैठक में जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग ने पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. प्रशासन ने जिले में 185 स्टैटिक दंडाधिकारियों की तैनाती के साथ 24 घंटे कंट्रोल रूम संचालित करने का निर्णय लिया है.

मुहर्रम को लेकर जिले में सुरक्षा का मजबूत घेरा

जिला प्रशासन के अनुसार मुहर्रम पर्व 26 और 27 जून को मनाए जाने की संभावना है. पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. अधिकारियों ने बताया कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी 25 जून से 27 जून तक अथवा कार्यक्रम की समाप्ति तक अपने निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करेंगे.

सदर और सिमरी बख्तियारपुर में विशेष तैनाती

बैठक में बताया गया कि सदर थाना क्षेत्र में चार गश्ती दल दंडाधिकारियों के साथ 141 स्टैटिक दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है. वहीं सिमरी बख्तियारपुर अनुमंडल क्षेत्र में एक गश्ती दल दंडाधिकारी और 44 स्टैटिक दंडाधिकारियों को पर्याप्त पुलिस बल के साथ तैनात किया गया है. प्रशासन ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सतर्क रहने का निर्देश दिया है.

24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला कंट्रोल रूम

पर्व के दौरान सूचना के त्वरित आदान-प्रदान और आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 25 से 27 जून तक लगातार तीन पालियों में संचालित किया जाएगा. प्रशासन ने कंट्रोल रूम का नंबर 06478-224102 जारी किया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर लोग तुरंत संपर्क कर सकें.

यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर पर नरकटियागंज में फूटा गुस्सा, कैंडल और तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे युवा

सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर

जिला प्रशासन सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी लगातार निगरानी रखेगा. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भ्रामक, आपत्तिजनक या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इसके अलावा नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों को अपने-अपने क्षेत्रों में साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है.

बैठक में अपर समाहर्ता निशांत, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रीयांश तिवारी समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें: भरत तिवारी एनकाउंटर पर नरकटियागंज में फूटा गुस्सा, कैंडल और तिरंगा लेकर सड़कों पर उतरे युवा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >