महिषी (सहरसा). सहरसा-दरभंगा सीमा क्षेत्र के टिकोलवा बासा पर गुप्त सूचना के आधार पर महिषी पुलिस ने छापेमारी कर एक देशी रायफल और चोरी की बाइक बरामद की है. पुलिस की कार्रवाई के दौरान बासा में मौजूद एक युवक पुलिस को देखते ही कोसी नदी में छलांग लगाकर फरार हो गया. पुलिस के अनुसार फरार युवक की पहचान टिकोलवा निवासी रतन सादा के रूप में हुई है. मामले में उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
अवैध हथियार रखे जाने की मिली थी सूचना
महिषी थानाध्यक्ष प्रभाकर भारती को टिकोलवा क्षेत्र में अवैध हथियार रखे जाने की गुप्त सूचना मिली थी. सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष ने पीएसआई संदीप कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर कार्रवाई का निर्देश दिया. पुलिस बल टिकोलवा पहुंचा और संबंधित बासा की घेराबंदी कर दी.
पुलिस को देखते ही कोसी में कूद गया युवक
पुलिस के बासा की घेराबंदी करते ही वहां मौजूद युवक भागने लगा. पुलिस के अनुसार उसने खुद को बचाने के लिए कोसी नदी में छलांग लगा दी और तैरकर फरार हो गया. पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन तत्काल उसे पकड़ा नहीं जा सका.
तलाशी में मिली देशी रायफल और बाइक
युवक के फरार होने के बाद पुलिस ने बासा की तलाशी ली. तलाशी के दौरान एक देशी रायफल बरामद हुई. इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की यामाहा आरएक्स 15 बाइक भी पुलिस के हाथ लगी. पुलिस ने दोनों सामान को जब्त कर लिया है.
रतन सादा के खिलाफ आर्म्स एक्ट में प्राथमिकी
पुलिस के अनुसार बरामद हथियार और मौके की स्थिति के आधार पर फरार युवक रतन सादा के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
बाइक के संबंध में भी जांच जारी
बिना नंबर प्लेट की बरामद बाइक के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बाइक चोरी की है या नहीं और यदि चोरी की है तो उसे कहां से लाया गया था. मामले में हथियार और बाइक के स्रोत के साथ फरार युवक के संभावित आपराधिक संबंधों की भी जांच की जा रही है.
