Saharsa News: सहरसा जिले के नवहट्टा प्रखंड में गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया. उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बकुनिया के शिक्षक प्रणव कुमार विद्यालय से लौटते समय नाव पर बाइक चढ़ाने के दौरान असंतुलित होकर बाइक समेत कोसी नदी में गिर गए. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों और नाविकों की त्वरित सूझबूझ ने उनकी जान बचा ली.
नाव पर चढ़ाते समय बिगड़ा संतुलन
जानकारी के अनुसार, शिक्षक प्रणव कुमार प्रतिदिन किरतपुर से उत्क्रमित उच्च विद्यालय, बकुनिया पढ़ाने के लिए आते-जाते हैं. गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह किरतपुर लौट रहे थे.
कोसी नदी पार करने के लिए जब वह अपनी बाइक को नाव पर चढ़ा रहे थे, तभी उनका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक समेत सीधे नदी में गिर पड़े.
ग्रामीणों और नाविकों ने तुरंत किया रेस्क्यू
शिक्षक के नदी में गिरते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद ग्रामीणों और नाविकों ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी और शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण बड़ा हादसा टल गया और प्रणव कुमार पूरी तरह सुरक्षित हैं. घटना के बाद उन्हें प्राथमिक सहायता भी उपलब्ध कराई गई.
प्रतिदिन नाव से करते हैं आवागमन
स्थानीय लोगों के अनुसार, बकुनिया और किरतपुर के बीच आवागमन के लिए कई लोगों को अब भी नाव का सहारा लेना पड़ता है. शिक्षक प्रणव कुमार भी रोज इसी मार्ग से विद्यालय आते-जाते हैं.
कोसी नदी के किनारे रहने वाले लोगों का कहना है कि बरसात के मौसम में नदी का प्रवाह और जलस्तर बढ़ने के कारण इस तरह की घटनाओं का खतरा अधिक रहता है.
Saharsa News: स्थानीय लोगों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बताया जाता है कि प्रणव कुमार मूल रूप से सहरसा जिले के बिहरा के निवासी हैं. उनकी सुरक्षित बचाव के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली.
यह घटना एक बार फिर कोसी नदी पार करने वाले मार्गों पर सुरक्षा इंतजामों की आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित करती है, जहां रोजाना शिक्षक, छात्र और स्थानीय लोग नाव के माध्यम से आवाजाही करते हैं.
