किलकारी समर कैंप में बच्चों को सिखाये बाल अधिकार व साइबर सुरक्षा के गुर

किलकारी बिहार बाल भवन द्वारा आयोजित चक धूम-धूम समर कैंप के तहत बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को बाल अधिकार जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया.

कार्यक्रम में 80 बच्चों ने लिया भाग

सहरसा. किलकारी बिहार बाल भवन द्वारा आयोजित चक धूम-धूम समर कैंप के तहत बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं सुरक्षा जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को बाल अधिकार जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों तथा बढ़ते साइबर खतरों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गयी. सत्र में मुख्य वक्ता के रूप में अनुमंडल अभियोजन पदाधिकारी राज कुमार एवं कुलेंद्र कुमार ने बच्चों को बाल अधिकार, बाल संरक्षण, गुड टच-बैड टच, साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा बच्चों से जुड़े कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी. अधिकारियों ने बच्चों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी की भूमिका एवं बच्चों के संरक्षण में उसकी महत्ता से भी अवगत कराया. श्री कुमार ने बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने एवं किसी भी प्रकार की असुरक्षा की स्थिति में बिना संकोच सहायता लेने के लिए प्रेरित किया.

वहीं कुलेंद्र कुमार ने प्रेरक कहानी के माध्यम से बच्चों को सकारात्मक सोच, अभिभावकों की सीख का सम्मान करने तथा जीवन में विवेकपूर्ण निर्णय लेने का संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों, ऑनलाइन गेमिंग, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने एवं अजनबियों से संपर्क करने के खतरों के बारे में भी बच्चों को विस्तार से बताया गया. बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते अपने सवाल पूछे, जिनका सरल एवं रोचक तरीके से जवाब दिया गया. समर कैंप के इस जागरूकता सत्र में कंप्यूटर एवं चित्रकला विधा से जुड़े लगभग 80 बच्चों ने भाग लिया. इस अवसर पर प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक प्रणव भारती ने कहा कि बच्चों को केवल शैक्षणिक गतिविधियों तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें उनके अधिकारों, कर्तव्यों, सुरक्षा एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना भी आवश्यक है. ऐसे कार्यक्रम बच्चों में आत्मविश्वास, जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं. उन्होंने कहा कि यह सत्र बच्चों को सुरक्षित, संवेदनशील एवं सशक्त नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >