बेंगलुरु गए थे कमाने, डेढ़ वर्ष बाद सोनवर्षा नदी के बहियार में मिला शव

बेंगलुरु गए थे कमाने, डेढ़ वर्ष बाद सोनवर्षा नदी के बहियार में मिला शव

नवहट्टा. प्रखंड क्षेत्र के डरहार थाना अंतर्गत सतौर पंचायत के नारायणपुर निवासी रामचंद्र यादव के पुत्र राजेश कुमार का शव गुरुवार को सोनवर्षा थाना क्षेत्र के काशनगर स्थित नदी के बहियार में सिर कटी अवस्था में बरामद किया गया. शव मिलने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद थाना अध्यक्ष की मौजूदगी में अंतिम संस्कार किया गया. बताया जाता है कि मृतक राजेश कुमार चार भाइयों में से एक थे. वे करीब डेढ़ वर्ष पूर्व रोजी-रोटी की तलाश में बेंगलुरु गए थे, जहां वे एक कंपनी में ठेकेदारी का काम करते थे. परिवार का भरण-पोषण मुख्य रूप से उन्हीं की कमाई से होता था. अचानक सोनवर्षा स्थित नदी किनारे उनका शव मिलने की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. गांव में शोक की लहर है. ग्रामीणों ने बताया कि राजेश मिलनसार और सामाजिक प्रवृत्ति के युवक थे तथा समाज में उनकी अच्छी पहचान थी. परिजनों ने पुलिस अधीक्षक सहित अन्य पदाधिकारियों से मामले की न्यायिक जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है. वहीं, इस घटना से सतौर पंचायत में खासकर युवाओं के बीच गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है. स्थानीय निवासी छेदी यादव ने कहा कि राजेश के असामयिक निधन से पूरे समाज में मातम का माहौल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >