माकपा ने महिषी में महागठबंधन की जीत का लिया संकल्प नवहट्टा . महिषी प्रखंड में आयोजित संयुक्त बैठक में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी (माकपा) ने विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी. बैठक की अध्यक्षता पार्टी जिला सचिव मंडल सदस्य मिथिलेश कुमार सिंह ने की. पार्टी राज्य सचिव मंडल सदस्य सह जिला सचिव रणधीर यादव ने कहा कि बिहार में राजग की डबल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है. भ्रष्टाचार, लूट-खसोट और महंगाई ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. किसानों-मजदूरों की स्थिति खराब है, जबकि रोजगार व काला धन वापसी जैसे वादे अधूरे हैं. धर्म और संप्रदाय के नाम पर समाज का भाईचारा तोड़ा जा रहा है. लोकतंत्र और संविधान पर संकट है, ऐसे में जनता की जिम्मेदारी है कि इस सरकार को सत्ता से बाहर करे. माकपा महागठबंधन का हिस्सा है और गठबंधन प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगी. महिषी विधानसभा में हाल में कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद अब 101 सदस्यीय विधानसभा चुनाव अभियान समिति का गठन किया गया है. इसके संयोजक मिथिलेश कुमार सिंह तथा सहायक संयोजक कृष्ण दयाल यादव, शकील अहमद खां और मदन पासवान बनाए गये हैं. बैठक में बीएए 2 और बूथ समितियों का गठन 30 सितंबर से पहले करने का निर्णय हुआ. इस मौके पर नसीमुद्दीन, हृदय नारायण यादव, रामरेख यादव, ब्रजेश वामपंथी, मनोज शर्मा, युनूस भारती, चंद्रेश्वर पासवान, नागेश्वर यादव, गौरीशंकर झा, सुकनी देवी, अमेरिका देवी, रेखा देवी, सुरती देवी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
