सहयोग शिविरों के लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण को लेकर डीएम ने की बैठक
सहरसा. जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बुधवार को गूगल मीट के माध्यम से सहयोग शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा करते संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों का अविलंब समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है. किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखें. समीक्षा बैठक में सहयोग शिविरों से प्राप्त आवेदनों की वर्तमान स्थिति का आकलन किया गया. जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें. जिससे लोगों को प्रशासनिक सेवाओं का वास्तविक लाभ मिल सके. बैठक के दौरान न्यायिक मामलों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गयी.जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न स्तरों पर लंबित न्यायिक मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं किया जायेगा. संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित मामलों के निपटारे के लिए आवश्यक कार्रवाई करें. उन्होंने विशेष रूप से उन पंचायतों पर ध्यान देने को कहा जहां सहयोग शिविर आयोजित किए गये हैं एवं न्यायिक मामले अभी भी लंबित हैं. जिलाधिकारी ने इन पंचायतों में लंबित मामलों के शत-प्रतिशत निष्पादन पर जोर देते कहा कि इससे आम नागरिकों को त्वरित राहत मिलेगी एवं प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और मजबूत होगा. बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे.
