शिक्षित व्यक्ति समाज, राज्य व राष्ट्र के विकास में निभाता है महत्वपूर्ण भूमिका : डीएम
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बुधवार को सौरबाजार प्रखंड के नव सृजित प्राथमिक विद्यालय रहीमपुर गोठ का उद्घाटन किया.
By Dipankar Shriwastaw | Updated at :
जिलाधिकारी ने नवसृजित प्राथमिक विद्यालय रहीमपुर गोठ का किया उद्घाटन
सहरसा. जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने बुधवार को सौरबाजार प्रखंड के नव सृजित प्राथमिक विद्यालय रहीमपुर गोठ का उद्घाटन किया. इस मौके पर जिलाधिकारी ने संबोधित करते कहा कि शिक्षित व्यक्ति समाज, राज्य एवं राष्ट्र के समेकित विकास में सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन करता है. प्रत्येक अभिभावक को अपने बच्चों को शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित करना चाहिए, जो विकसित समाज की परिकल्पना को साकार करने में मील का पत्थर साबित होगा. अपर समाहर्ता निशांत ने कहा कि नव सृजित प्राथमिक विद्यालय के प्रारंभ होने से संदर्भित क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा ग्रहण का सुअवसर प्राप्त होगा. उन्होंने कहा कि आवश्यकतानुसार जिले में चिन्हित क्षेत्रों में प्रत्येक दो किलोमीटर पर विद्यालय का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है. इसके लिए शिक्षा कार्यालय द्वारा सर्वेक्षण कार्य प्रगति पर है, जिसके फलस्वरूप क्षेत्र में शिक्षा के व्यापक प्रसार में मदद मिलेगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र ने धन्यवाद ज्ञापन किया. क्षेत्र में प्राथमिक विद्यालय के स्थापना से लगभग पंद्रह सौ आबादी वाले क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार में मदद मिलेगी. मौके पर विद्यालय निर्माण के लिए जमीन दाता जयराम प्रसाद सिंह सहित अन्य गण्यमान्य को पाग एवं शाल देकर सम्मानित किया गया.