मिशन शक्ति की योजनाओं को लेकर डीएम ने की समीक्षा बैठक, महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर

सहरसा में जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने मिशन शक्ति संचालन समिति की बैठक कर महिला एवं बाल विकास की योजनाओं की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के कड़े निर्देश दिए.

सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट: जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को महिला एवं बाल विकास निगम के तहत ‘मिशन शक्ति’ द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण को लेकर जिला स्तरीय संचालन समिति की बैठक आयोजित की गई. समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, संरक्षण और सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की वर्तमान स्थिति की गहन समीक्षा की गई.

योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान तक पहुंचाना प्राथमिकता: डीएम

बैठक के दौरान जिला परियोजना प्रबंधक ने मिशन शक्ति के अंतर्गत चल रही गतिविधियों और योजनाओं की रूपरेखा की विस्तृत जानकारी जिलाधिकारी के समक्ष रखी. जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि महिलाओं और बालिकाओं के कल्याण से संबंधित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए. उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर जागरूकता गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

त्वरित सेवा और बेहतर समन्वय पर बल

बैठक में मिशन शक्ति के तहत संचालित योजनाओं के बेहतर संचालन और महिलाओं से संबंधित मामलों के प्रभावी निष्पादन को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई. जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर तालमेल अनिवार्य है. उन्होंने त्वरित सेवा उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने की हिदायत दी.

बैठक में मौजूद रहे जिले के मुख्य पदाधिकारी

इस महत्वपूर्ण बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अपर समाहर्ता निशांत, सिविल सर्जन राजनारायण प्रसाद और एलडीएम मौजूद थे. इनके अलावा जिला शिक्षा पदाधिकारी हेमचंद्र, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) कुमारी पुष्पा, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला नियोजन पदाधिकारी, सहायक निदेशक (जिला बाल संरक्षण इकाई), जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका), डीआरसीसी प्रबंधक और बिहार शिक्षा परियोजना के पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

Divyanshu Prashant is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >