सहरसा : जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने सोमवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में सेवा संवाद समाधान अनुसरण प्रणाली के तहत आयोजित 'सबका सम्मान, जीवन आसान' कार्यक्रम में आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों की सुनवाई की. इस दौरान कुल 30 आवेदनों पर सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे फरियादी
जनसुनवाई के दौरान डीएम ने जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. वहीं जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने कार्यालयों में आमजनों की शिकायतों की सुनवाई की.
भूमि विवाद सहित कई मामलों पर हुई सुनवाई
जनसुनवाई में सेवानिवृत्त नलकूप चालक नारायण शर्मा, सहरसा निवासी दिलीप कुमार गुप्ता, बारा लालगंज (सत्तरकटैया) के पवन कुमार झा, भेलवा के भूपेंद्र राम, तेलवा जलई (महिषी) की सुनिता भारती सहित अन्य आवेदकों ने भूमि विवाद एवं विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए. जिलाधिकारी ने सभी मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
लापरवाही पर होगी कार्रवाई
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें.
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. 'सबका सम्मान, जीवन आसान' कार्यक्रम प्रशासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है तथा इसके माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है.
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) गणेश कुमार, स्थापना उप समाहर्ता अभिनव भास्कर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें : पर्यावरण संरक्षण व राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम : रामदत्त चक्रधर
