जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के संयुक्त निर्देश पर की गयी छापेमारी सहरसा. जिले में अपराध नियंत्रण और जेल के अंदर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से गुरुवार देर रात सहरसा मंडल कारा में प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा अचानक छापेमारी की गई. यह कार्रवाई जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के संयुक्त निर्देश पर की गई, जिसमें भारी संख्या में पुलिस बल शामिल था.पुलिस अधीक्षक हिमांशु ने बताया कि जिला पदाधिकारी के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई. उन्होंने कहा कि जेल में अवैध गतिविधियों, आपत्तिजनक सामग्री और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए समय-समय पर इस तरह की रूटीन छापेमारी की जाती है. इसी क्रम में गुरुवार देर रात सहरसा मंडल कारा का गहन निरीक्षण किया गया.छापेमारी के दौरान जेल के विभिन्न वार्डों, बैरकों और बंदियों के सामान की बारीकी से तलाशी ली गई. जेल परिसर के हर हिस्से की जांच की गई, ताकि मोबाइल फोन, नुकीले हथियार, नशीले पदार्थ या अन्य आपत्तिजनक सामान की बरामदगी हो सके.पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस तरह की छापेमारी अपराध नियंत्रण के लिए बेहद जरूरी है. इससे जेल के अंदर अनुशासन बनाए रखने में मदद मिलती है और किसी भी संभावित आपराधिक साजिश को समय रहते रोका जा सकता है. उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी और जेलों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नियमित रूप से निरीक्षण किया जाएगा.हालांकि इस छापेमारी के दौरान किसी बड़े आपत्तिजनक सामान की बरामदगी की पुष्टि नहीं हुई, लेकिन प्रशासन ने इसे सुरक्षा व्यवस्था की दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम बताया.छापेमारी में सदर अनुमंडल पदाधिकारी श्रेयांस तिवारी, सदर एसडीपीओ आलोक कुमार, अन्य पुलिस पदाधिकारी और पुलिस जवान शामिल थे.
मंडल कारा में छापेमारी, नहीं मिला आपत्तिजनक सामान
मंडल कारा में छापेमारी, नहीं मिला आपत्तिजनक सामान
