डीआइजी के औचक निरीक्षण में एक्शन : सदर थाने के तीन पुलिसकर्मी निलंबित

सहरसा सदर थाने में डीआईजी डॉ. कुमार आशीष के औचक निरीक्षण के दौरान सादा लिबास में मिले तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

सहरसा. कोसी क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने शुक्रवार को सदर थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों की कार्यशैली, अनुशासन और थाना की व्यवस्था का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान सदर थाना में पदस्थापित सहायक अवर निरीक्षक अशोक कुमार आजाद, चौकीदार मो. अली खान एवं चौकीदार मनोज कुमार सादा लिबास में ड्यूटी करते मिले. डीआइजी ने जब उनसे इसका कारण पूछा तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके. इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए तीनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी ड्यूटी के दौरान पूर्ण वर्दी में रहें तथा थाना की कार्यप्रणाली अनुशासित, पारदर्शी और जनहितैषी हो.

फरियादियों के साथ व्यवहार और थाना व्यवस्था की भी समीक्षा

निरीक्षण के दौरान डीआइजी ने थाना की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रखरखाव और फरियादियों के साथ पुलिस के व्यवहार की भी समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को आम लोगों की शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि थाना को पूरी तरह जनमित्र बनाया जा सके.

शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने को बनी रणनीति

निरीक्षण के बाद डीआइजी ने सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी आलोक कुमार, यातायात डीएसपी ओमप्रकाश, साइबर डीएसपी कल्याण आनंद, लाइन डीएसपी ओमप्रकाश, सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार सहित अन्य अधिकारियों के साथ शहर की यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की. बैठक में कचहरी ढाला, सुपर मार्केट बस स्टैंड, थाना चौक, होटल राजदरबार मोड़, शंकर चौक, चांदनी चौक, महावीर चौक, सुभाष चौक, दहलान चौक, गांधी चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, गंगजला चौक, प्रशांत मोड़, शिवपुरी ढाला, तिवारी चौक, यादव चौक, कोशी चौक, हनुमान मंदिर, पंचवटी चौक और नया बाजार आशीर्वाद नर्सिंग होम चौक सहित प्रमुख स्थानों की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की गई.

अतिक्रमण हटाने के लिए होगी सख्त कार्रवाई

डीआइजी ने कहा कि सड़क पर अतिक्रमण शहर में जाम की सबसे बड़ी वजह है. ऐसे में बिहार पुलिस हस्तक नियम-34 के तहत सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

सदर थाना को बनाया जाएगा जनमित्र

डीआइजी डॉ. कुमार आशीष ने कहा कि उन्होंने सदर थाना को गोद लिया है और इसकी कार्यप्रणाली की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है. उनका उद्देश्य थाना को पूरी तरह जनमित्र बनाना तथा आम लोगों को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है. उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और आने वाले दिनों में सहरसा की यातायात व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा. इसके लिए आम नागरिकों का सहयोग भी आवश्यक है.

ALSO READ : सहरसा में घर पहुंचने के कुछ घंटे बाद युवक की मौत, हत्या की आशंका से गांव में हड़कंप


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

पत्रकारिता में 14 वर्षों का अनुभव. अब तक लगातार सहरसा से क्राइम और स्वास्थ्य की खबरें संकलित करता हूं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >