जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग को लेकर उपमहापौर ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

सहरसा नगर निगम के उपमहापौर उमर हयात ने शहर की जर्जर सड़कों की मरम्मत और अधूरे निर्माण कार्यों को पूरा करने के लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है।

सहरसा. नगर निगम उपमहापौर उमर हयात ने नगर निगम क्षेत्र में आरसीडी एवं आरईओ के अधीन आने वाली जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग को लेकर शनिवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा. उन्होंने कहा कि शहर की कई प्रमुख सड़कें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है. जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है एवं नगर निगम की छवि भी धूमिल हो रही है. उन्होंने कहा कि बरसात के कारण अधिकांश सड़कों पर जलजमाव की स्थिति बनी रहती है. गड्ढों एवं अधूरे निर्माण कार्य के कारण राहगीरों के साथ छोटे वाहनों के परिचालन में भी भारी परेशानी हो रही है.

नागरिकों को रोजाना कठिनाइयों का करना पड़ रहा सामना

उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों द्वारा समय पर मरम्मत नहीं कराए जाने से नागरिकों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने जिन सड़कों की मरम्मत की मांग की है उनमें लक्ष्मनियां चौक आरसीडी रोड, सर्वा ढाला आरसीडी रोड, कब्रिस्तान चौक से बेंगहा जाने वाली सड़क, पुरानी जेल चौक से बटराहा होते ठाकुर चौक तक की आरसीडी सड़क एवं सुभान पानी वाला के घर से आफताब के घर तक आरईओ द्वारा निर्मित अधूरी सड़क शामिल है. उपमहापौर ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है. जिससे सड़कें और अधिक जर्जर हो गयी हैं एवं जलजमाव के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है.

तत्काल सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं अधूरे कार्य को पूरा कराने की मांग

उन्होंने जिलाधिकारी से मांग किया कि संबंधित विभागों को तत्काल सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत एवं अधूरे कार्य को पूरा करने का निर्देश दें. जिससे नगर निगम क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके. इस संबंध में ज्ञापन की प्रतिलिपि कार्यपालक अभियंता आरसीडी, कार्यपालक अभियंता आरईओ एवं नगर आयुक्त को भी भेजी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >