रात की ट्रेन से कोसी को राहत, काशी तक सीधी रेल का इंतजार बरकरार

पाटलिपुत्र और पूर्णिया कोर्ट के बीच एक महीने के लिए रात्रिकालीन स्पेशल ट्रेन सेवा शुरू हो गई है. कोसी क्षेत्र के लोगों को लंबे इंतजार के बाद पटना से सीधी रेल सुविधा मिली है, जिससे यात्रा आसान हो जाएगी. ट्रेन का परिचालन सप्ताह में पांच दिन होगा.

सहरसा : लंबे इंतजार के बाद कोसी क्षेत्र के यात्रियों को पटना से सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया आने-जाने के लिए रात्रिकालीन ट्रेन की सुविधा मिल गयी है. पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट रात्रिकालीन स्पेशल का परिचालन 17 अगस्त से शुरू हो गया. ट्रेन फिलहाल एक माह के लिए सप्ताह में पांच दिन चलेगी. यात्रियों से मिलने वाले प्रतिसाद के आधार पर इसके नियमित परिचालन पर निर्णय लिया जायेगा. हालांकि, इस नई सुविधा के बीच कोसी से काशी तक सीधी ट्रेन का करीब नौ साल पुराना इंतजार अब भी कायम है.

पाटलिपुत्र से रात 11 बजे खुलेगी ट्रेन

ट्रेन संख्या 03216 पाटलिपुत्र-पूर्णिया कोर्ट स्पेशल पाटलिपुत्र जंक्शन से रात 11 बजे रवाना होगी. सोनपुर, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, हसनपुर रोड, खगड़िया और मानसी होते हुए यह ट्रेन सुबह 5 बजे सिमरी बख्तियारपुर पहुंचेगी. सहरसा जंक्शन पर सुबह 5.55 बजे पहुंचकर 6.25 बजे रवाना होगी. इसके बाद दौरम मधेपुरा, मुरलीगंज और बनमनखी होते हुए सुबह 8.30 बजे पूर्णिया कोर्ट पहुंचेगी.

वापसी में ट्रेन संख्या 03215 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल सुबह 9.10 बजे पूर्णिया कोर्ट से रवाना होगी. बनमनखी, मुरलीगंज, दौरम मधेपुरा और सहरसा होते हुए यह ट्रेन पाटलिपुत्र शाम 5.45 बजे पहुंचेगी. सहरसा जंक्शन पर इसका आगमन सुबह 11 बजे और प्रस्थान 11.30 बजे होगा.

03216 का परिचालन 17 अगस्त से 16 सितंबर तक बुधवार और शनिवार को छोड़कर अन्य दिनों में होगा. वहीं 03215 का परिचालन 18 अगस्त से 17 सितंबर तक गुरुवार और रविवार को छोड़कर अन्य दिनों में होगा. ट्रेन में कुल 20 कोच हैं, जिनमें चार अनारक्षित, तीन तृतीय वातानुकूलित, एक द्वितीय वातानुकूलित और 10 शयनयान श्रेणी के कोच शामिल हैं.

रात की सीधी ट्रेन की कमी होगी दूर

पाटलिपुत्र से सहरसा के बीच रात में सीधी ट्रेन नहीं होने से यात्रियों को लंबे समय से परेशानी हो रही थी. दोपहर 3.15 बजे कोसी एक्सप्रेस के बाद रात में सहरसा के लिए सीधी ट्रेन का विकल्प नहीं था. ऐसे में नई रात्रिकालीन ट्रेन से पटना, सहरसा, मधेपुरा और पूर्णिया क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

मधेपुरा सांसद दिनेश चंद्र यादव ने कहा कि रात्रिकालीन ट्रेन की मांग रेल मंत्री से की गयी थी. अब इसके शुरू होने के बाद इसे नियमित कराने की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी जायेगी. समस्तीपुर मंडल के डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा के अनुसार, ट्रेन फिलहाल एक माह के लिए ट्रेन ऑन डिमांड के तहत चलायी जा रही है. यात्रियों से मिलने वाले प्रतिसाद के आधार पर आगे परिचालन को लेकर निर्णय लिया जायेगा.

नौ साल से काशी की सीधी ट्रेन का इंतजार

नई रात्रिकालीन ट्रेन शुरू होने के बावजूद कोसी क्षेत्र के यात्रियों की एक पुरानी मांग अब भी अधूरी है. सहरसा से बनारस-काशी तक सीधी ट्रेन चलाने की पहल वर्ष 2017 में शुरू हुई थी. तत्कालीन समस्तीपुर मंडल के डीआरएम आरके जैन ने सहरसा से बनारस के लिए रात्रिकालीन ट्रेन चलाने का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजा था.

उस समय सहरसा-पाटलिपुत्र के बीच चलने वाली जनहित एक्सप्रेस को काशी-बनारस तक विस्तारित करने की योजना भी तैयार की गयी थी. प्रस्ताव की समीक्षा होने के बाद भी मामला आगे नहीं बढ़ सका. करीब नौ साल बीत जाने के बाद भी कोसी क्षेत्र से काशी के लिए कोई सीधी नियमित ट्रेन उपलब्ध नहीं है.

काशी जाने वाले यात्रियों को पटना या अन्य स्टेशनों पर ट्रेन बदलनी पड़ती है. ऐसे में अब पाटलिपुत्र-सहरसा-पूर्णिया के बीच रात्रिकालीन ट्रेन शुरू होने के बाद वर्ष 2017 के सहरसा-काशी रेल सेवा के प्रस्ताव पर दोबारा विचार किये जाने की मांग उठने लगी है. यदि सहरसा से काशी तक सीधी ट्रेन मिलती है, तो सहरसा, मधेपुरा, सुपौल और आसपास के जिलों के हजारों यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी.

गरीब रथ भी साढ़े चार घंटे विलंब से पहुंची

इधर, अमृतसर से सहरसा आने वाली 12204 गरीब रथ एक्सप्रेस सोमवार को करीब 4 घंटे 30 मिनट विलंब से सहरसा जंक्शन पहुंची. ट्रेन के विलंब होने से यात्रियों को परेशानी हुई. रेलवे के अनुसार तकनीकी कारणों से ट्रेन के परिचालन में देरी हुई. वापसी में सहरसा-अमृतसर गरीब रथ एक्सप्रेस के भी दो से तीन घंटे विलंब से खुलने की सूचना दी गयी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >