सहरसा के पटेलनगर में बार-बार गुल हो रही बिजली, पुराने ट्रांसफाॅर्मर से बढ़ी परेशानी, 315 केवीए लगाने की मांग

सहरसा के पटेलनगर में जर्जर ट्रांसफार्मर के कारण बिजली की समस्या से लोग परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने 315 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है।

सहरसा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 29 स्थित पटेलनगर के कब्रिस्तान परिसर में लगे पुराने और कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को बदलने की मांग तेज हो गयी है. स्थानीय विद्युत उपभोक्ताओं ने विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के अधिकारियों को आवेदन देकर मौजूदा ट्रांसफार्मर की जगह 315 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि वर्तमान ट्रांसफार्मर काफी पुराना और जर्जर हो चुका है. क्षमता कम होने के कारण उस पर अत्यधिक लोड पड़ रहा है, जिससे क्षेत्र में बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है.

बढ़ते लोड के सामने पुराना ट्रांसफाॅर्मर बेबस

स्थानीय उपभोक्ताओं के अनुसार पटेलनगर में आबादी और बिजली कनेक्शन की संख्या लगातार बढ़ रही है. इसके बावजूद लंबे समय से कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर से ही आपूर्ति की जा रही है. अधिक लोड पड़ने के कारण ट्रांसफार्मर में बार-बार तकनीकी खराबी उत्पन्न हो रही है. इससे लोगों को नियमित बिजली आपूर्ति नहीं मिल पा रही है.

तार जलने से बार-बार पैदा हो रही समस्या

लोगों ने बताया कि ट्रांसफार्मर से जुड़े तार भी कई बार जल चुके हैं. खराबी आने के बाद विद्युत विभाग के मिस्त्री और मानव बल मौके पर पहुंचकर किसी तरह आपूर्ति बहाल करते हैं. लेकिन कुछ ही दिनों बाद फिर वही समस्या सामने आ जाती है. इससे उपभोक्ताओं के साथ-साथ बिजली विभाग के कर्मचारियों को भी बार-बार परेशानी उठानी पड़ती है.

रात में बिजली कटने से सबसे ज्यादा परेशानी

भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली गुल होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गयी हैं. खासकर रात के समय बिजली आपूर्ति बाधित होने पर बुजुर्गों, बच्चों, बीमार लोगों और नवजात शिशुओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है. लोगों का कहना है कि गर्मी में पंखे और कूलर बंद हो जाने से घरों में रहना मुश्किल हो जाता है.

315 केवीए ट्रांसफाॅर्मर लगाने की मांग

स्थानीय उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के वरीय अधिकारियों से पुराने और कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर को हटाकर उसकी जगह 315 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर लगने से बार-बार होने वाली तकनीकी खराबियों पर रोक लगेगी और पटेलनगर में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी.

आवेदन देने वालों में बीरेन्द्र लाल दास, मो इमरान सहित कई स्थानीय विद्युत उपभोक्ता शामिल हैं. उपभोक्ताओं ने विभाग से जल्द कार्रवाई करते हुए नया ट्रांसफार्मर लगाने की मांग की है, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को बिजली संकट से राहत मिल सके.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >