छह माह से जानलेवा बना था सड़क का गड्ढा, कार फंसने के बाद रातोंरात हुआ भराव

सड़क पर बना गहरा गड्ढा पिछले लगभग छह महीनों से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे का कारण बना हुआ था.

सुपर मार्केट पश्चिमी गेट के पास नागरिकों की पहल और डिप्टी मेयर के हस्तक्षेप से हुई कार्रवाई

सहरसा. शहर के मुख्य बाजार स्थित सुपर मार्केट के पश्चिमी गेट एवं जिला गर्ल्स स्कूल के सामने सड़क पर बना गहरा गड्ढा पिछले लगभग छह महीनों से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए खतरे का कारण बना हुआ था. स्थानीय लोगों के अनुसार इस गड्ढे की वजह से कई छोटे-बड़े हादसे हुए तथा अनेक लोग चोटिल भी हुए. इसके बावजूद लंबे समय तक इसकी मरम्मत नहीं करायी गयी. सोमवार की देर संध्या एक आवश्यक कार्य से गुजर रही कार उक्त गड्ढे में फंस गयी. हालांकि इस घटना में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और वाहन पलटा नहीं. बाद में क्रेन की सहायता से कार को सुरक्षित बाहर निकाला गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया.

नागरिकों ने जिलाधिकारी, नगर आयुक्त एवं डिप्टी मेयर से फोन पर संपर्क कर तत्काल कार्रवाई की मांग की. शिकायत मिलने के बाद डिप्टी मेयर की पहल पर देर रात जेसीबी मशीन मौके पर भेजी गयी. स्थानीय नागरिक भी बड़ी संख्या में वहां मौजूद रहे और गड्ढे को भरकर सड़क को समतल किये जाने के बाद ही वापस लौटे. स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि समय रहते इस गड्ढे की मरम्मत नहीं की जाती तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता था. उन्होंने सड़क रखरखाव में बरती जा रही लापरवाही पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सार्वजनिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए. नागरिकों ने यह भी कहा कि समाज की समस्याओं के समाधान के लिए केवल प्रशासन पर निर्भर रहने के बजाय आम लोगों को भी जागरूक होकर आवाज उठानी चाहिए. सामूहिक पहल से ही संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते रोका जा सकता है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >