सोमवार की शाम से घर से लापता था युवक, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप सोनवर्षाराज. काशनगर थाना क्षेत्र के बराही नहर किनारे मंगलवार दोपहर 18 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सुखासनी गांव निवासी सुधीर राम के पुत्र सतीश कुमार उर्फ छतीश के रूप में की गयी. परिजनों के अनुसार युवक सोमवार की शाम से ही घर से लापता था. काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला. मंगलवार दोपहर स्थानीय लोगों की सूचना पर नहर किनारे जाकर देखा तो उसका शव नहर किनारे पानी में पड़ा मिला. परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर युवक की हत्या करने का आरोप लगाया है. परिजनों ने बताया कि सतीश के साथ कुछ दिन पूर्व गांव के एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था. इधर घटना की सूचना मिलते ही सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर, इंस्पेक्टर सुजाउद्दीन, काशनगर थाना पुलिस के अलावा सोनवर्षाराज थाना पुलिस मौके पर पहुंच परिजनों से आवश्यक पूछताछ बाद मामले की छानबीन में जुट गयी. परिजनो द्वारा हत्या की बात कहे जाने को लेकर एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाये. सिमरी बख्तियारपुर एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. परिजनो से आवेदन लिया जा रहा है. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
