पांच माह से निर्वाचन कार्यालय में प्रतिनियुक्त, पांच दिन भी नहीं गये ब्लॉक शिक्षक

प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय बिरजैन के शिक्षक विपिन कुमार को दिसंबर माह 2025 को स्नातक विधान परिषद चुनाव के दौरान प्रखंड कार्यालय नवहट्टा में निर्वाचन कार्य के लिए प्रतिनियुक्त किया गया था

लेकिन नियमित उठाते रहे वेतन, सीओ बोले- ब्लॉक में प्रतिनियुक्ति से हटा रहे हैं नवहट्टा. प्रखंड क्षेत्र के मध्य विद्यालय बिरजैन के शिक्षक विपिन कुमार को दिसंबर माह 2025 को स्नातक विधान परिषद चुनाव के दौरान प्रखंड कार्यालय नवहट्टा में निर्वाचन कार्य के लिए प्रतिनियुक्त किया गया था. प्रतिनियुक्ति मिलने के बाद से अब तक वे मुश्किल से 4-5 दिन भी प्रखंड कार्यालय नही पहुंचे हैं, जबकि शेष समय वे घर पर या निजी कार्य में ही लगे रहे हैं. लेकिन ई शिक्षा कोष पोर्टल पर मार्क ऑन ड्यूटी कर फर्जी उपस्थिति दर्ज करवा रहे हैं. इस पूरे मामले में यह भी चर्चा है कि वेतन का एक हिस्सा ब्लॉक स्तर पर मिलीभगत के तहत दिया जा रहा है, जिसके बदले उनकी उपस्थिति नियमित रूप से दर्ज की जा रही है. स्थानीय स्तर पर यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है. यह न सिर्फ सरकारी धन का दुरुपयोग है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है. इस तरह की अनियमितता से अन्य शिक्षकों और विभागीय कार्यप्रणाली की पारदर्शिता पर भी प्रश्नचिह्न लग रहा है. सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर इतने लंबे समय से फर्जी उपस्थिति का यह खेल कैसे चलता रहा. क्या शिक्षा विभाग द्वारा उपस्थिति की नियमित मॉनिटरिंग नहीं की जाती, या फिर कहीं न कहीं विभागीय स्तर पर मिलीभगत के कारण कार्रवाई नहीं हो पा रही है. अब जरूरत है कि संबंधित विभाग जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. मामले में सीओ सह प्रभारी बीडीओ मोनी बहन ने बताया कि जानकारी प्राप्त हुई है. त्वरित कार्रवाई करते हुए ब्लॉक में प्रतिनियुक्ति से हटा रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >