दरभंगा महाराज ने शिक्षा, संस्कृति व विकास को दी नई दिशा, मिथिला की विरासत में आज भी अमिट है राज परिवार का योगदान

दरभंगा राज परिवार का योगदान सिर्फ जमींदारी तक सीमित नहीं था, बल्कि शिक्षा, संस्कृति, और लोक कल्याण में भी अग्रणी रहा. मिथिला के सामाजिक, शैक्षणिक, और सांस्कृतिक विकास में इनकी भूमिका आज भी प्रासंगिक है.

मिथिला के इतिहास में दरभंगा महाराज का नाम केवल एक बड़े जमींदार के रूप में नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कृति, सामाजिक विकास और लोककल्याण के लिए समर्पित राज परिवार के रूप में लिया जाता है. दरभंगा राज की नींव 16वीं शताब्दी में पड़ी और समय के साथ इस राज परिवार ने अपनी संपत्ति और संसाधनों का बड़ा हिस्सा जनहित के कार्यों में लगाया. यही वजह है कि मिथिला के सामाजिक और शैक्षणिक विकास में दरभंगा राज की भूमिका आज भी महत्वपूर्ण मानी जाती है.

शिक्षा के क्षेत्र में निभायी बड़ी भूमिका

शिक्षाविद दिलीप कुमार चौधरी ने बताया कि दरभंगा राज परिवार ने शिक्षा के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया. बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, कलकत्ता विश्वविद्यालय, इलाहाबाद विश्वविद्यालय और पटना विश्वविद्यालय सहित कई शिक्षण संस्थानों को आर्थिक सहयोग एवं भूमि उपलब्ध कराने में राज परिवार की भूमिका रही. कामेश्वर सिंह संस्कृत विश्वविद्यालय समेत कई शिक्षण संस्थानों के विकास से भी दरभंगा राज का नाम जुड़ा रहा. उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर योगदान का उदाहरण विरले ही देखने को मिलता है.

राष्ट्रीय आंदोलन में भी रहा प्रभाव

दरभंगा महाराज का प्रभाव केवल मिथिला तक सीमित नहीं था. राष्ट्रीय आंदोलन के दौर में भी उनकी भूमिका का उल्लेख मिलता है. बताया जाता है कि वर्ष 1888 में इलाहाबाद में कांग्रेस का अधिवेशन आयोजित होना था, लेकिन अंग्रेजी शासन की ओर से इसे रोकने का प्रयास किया गया. ऐसी स्थिति में दरभंगा महाराज के हस्तक्षेप से अधिवेशन के आयोजन का रास्ता खुला. इसे राष्ट्रीय आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण प्रसंग माना जाता है.

रेल, बिजली और विमान के क्षेत्र में योगदान

मिथिला में आधुनिक आधारभूत संरचना के विकास में भी दरभंगा राज की भूमिका रही. 1874-75 में दरभंगा तक रेल पहुंचाने और 1882 में बिजली की व्यवस्था कराने में महाराजा के योगदान का उल्लेख मिलता है. दरभंगा महाराज के पास विमान भी थे और द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान दो विमान भारतीय वायुसेना को दान किये जाने की बात कही जाती है. दरभंगा एयरपोर्ट की स्थापना में भी राज परिवार के योगदान का उल्लेख मिलता है.

साहित्य और संस्कृति को मिला संरक्षण

मैथिली भाषा, साहित्य, संगीत और चित्रकला के विकास के लिए दरभंगा राज ने विद्वानों और कलाकारों को संरक्षण दिया. धार्मिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई मंदिरों के निर्माण में भी राज परिवार की भूमिका बतायी जाती है. राज परिवार का अपना प्रिंटिंग प्रेस था, जहां विभिन्न समाचार पत्रों का प्रकाशन होता था. इससे क्षेत्र में साहित्यिक और बौद्धिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिला.

दानशीलता बनी सबसे बड़ी पहचान

दरभंगा राज परिवार की सबसे बड़ी पहचान उसकी दानशीलता रही. अंतिम महाराजा कामेश्वर सिंह ठाकुर संविधान सभा के सदस्य भी रहे. वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान देश की आर्थिक और सुरक्षा संबंधी कठिनाइयों में सरकार की मदद के लिए बड़ी मात्रा में सोना दान किये जाने का भी उल्लेख मिलता है. राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर भी महाराजा का प्रभाव व्यापक था.

नई पीढ़ी तक पहुंचनी चाहिए विरासत

शिक्षाविद दिलीप कुमार चौधरी ने कहा कि दरभंगा महाराज की जयंती को मिथिला के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर मनाया जाना चाहिए. इससे नई पीढ़ी को राज परिवार के योगदान, मिथिला की समृद्ध विरासत और लोककल्याण की उस परंपरा की जानकारी मिलेगी, जिसने क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास को नई दिशा दी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vinay Kumar Mishra

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >