सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र के मनौरी चौक के समीप गुरुवार देर शाम सड़क दुर्घटना में बाइक सवार 30 वर्षीय युवक देवचंद्र कुमार उर्फ बिटुल की मौत हो गयी थी. पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को मृतक का शव गांव पहुंचते ही कोहराम मच गया. शव पहुंचने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के दरवाजे पर जुट गये. शव देखते ही पत्नी कौशल्या देवी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. परिजनों के चीत्कार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया.
ट्रक की चपेट में आने से हुई मौत
जानकारी के अनुसार देहद पंचायत के वार्ड संख्या सात निवासी मिठू शाह का पुत्र देवचंद्र कुमार उर्फ बिटुल गुरुवार की देर शाम बाइक से किसी काम के सिलसिले में जा रहा था. इसी दौरान मनौरी चौक के समीप सहरसा की ओर तेज गति से जा रहे ट्रक संख्या डब्ल्यूबी 37 डी 2212 की चपेट में आ गया. हादसे में देवचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गयी. लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनवर्षाराज पहुंचाया. वहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
परिवार की जिम्मेदारी थी देवचंद्र के कंधों पर
देवचंद्र दो भाइयों में बड़ा था. उसका छोटा भाई धर्वेंद्र कुमार मध्य प्रदेश में रहकर काम करता है. भाई की मौत की सूचना मिलते ही धर्वेंद्र मध्य प्रदेश से घर के लिए रवाना हो गया. परिजनों के अनुसार देवचंद्र पर परिवार की जिम्मेदारियां संभालने की अहम जिम्मेदारी थी. वह घर पर रहकर क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर लगने वाले मेलों में कोल्ड ड्रिंक बेचने का काम करता था. इसके अलावा परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर खेती से जुड़े कार्यों की जिम्मेदारी भी उसी के कंधों पर थी.
दो मासूम पुत्रों को छोड़ गया पीछे
देवचंद्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक अपने पीछे पत्नी कौशल्या देवी समेत दो मासूम पुत्रों को छोड़ गया है. युवक की मौत के बाद पत्नी और बच्चों की स्थिति देख ग्रामीण भी भावुक हो गये. परिजनों के विलाप से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा.
