सहरसा से विनय कुमार मिश्र की रिपोर्ट
BPSC 70th Final Result: 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग. BPSC. परीक्षा के परिणाम में सहरसा के नौ प्रतिभाशाली युवाओं ने सफलता का परचम लहराकर जिले को गौरवान्वित किया है. कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर इन युवाओं ने यह उपलब्धि हासिल की है. परिणाम घोषित होते ही उनके गांवों और मोहल्लों में खुशी की लहर दौड़ गई. परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया.
सहरसा के इन नौ लालों ने बढ़ाया जिले का मान
70वीं बीपीएससी परीक्षा में सहरसा जिले से कुल नौ अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है. इनमें बनगांव के केशव कुमार, बनगांव की श्वेता कुमारी, पड़री के शिवम कुमार, खजूरी की जुली कुमारी, महिषी के शिवम कुमार मिश्र, मुरादपुर की कुमारी शांभवी, चैनपुर के शेखर सुमन, शंकरपुर-सिमरी बख्तियारपुर के विवेक कुमार सिंह और ननौती के आनंद मिश्रा शामिल हैं. इन सभी ने कठिन मेहनत और अनुशासित तैयारी के बल पर यह मुकाम हासिल किया है.
पटना: ” खान जो है वह खुद ही फर्जी है…” खान सर पर तेज प्रताप का यह बयान हुआ खूब वायरल.
गांवों और मोहल्लों में मना जश्न
परिणाम सामने आने के बाद सफल अभ्यर्थियों के गांवों और मोहल्लों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला. परिजनों और शुभचिंतकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई. कई स्थानों पर लोगों ने सफल अभ्यर्थियों को फूल-माला पहनाकर सम्मानित भी किया.
जिले के विद्यार्थियों के लिए बने प्रेरणा
विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई दी है. लोगों का कहना है कि इन युवाओं की सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी. इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अपने लक्ष्य की ओर निरंतर मेहनत करने का हौसला मिलेगा.
BPSC 70th Final Result: सहरसा की प्रतिभा ने फिर बढ़ाया मान
जिले के बुद्धिजीवियों और अभिभावकों का कहना है कि सहरसा की धरती हमेशा से प्रतिभाओं से समृद्ध रही है. यहां के युवाओं ने समय-समय पर विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जिले की पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है. 70वीं बीपीएससी परीक्षा में मिली यह सफलता भी उसी गौरवशाली परंपरा की एक नई कड़ी है.
लोगों ने उम्मीद जताई है कि सभी चयनित अभ्यर्थी अपने दायित्वों का ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करते हुए जनसेवा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे.
