बनमा ईटहरी. थाना क्षेत्र के तरहा गांव वार्ड 13 में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. घटना में दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गये. जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनमा ईटहरी में कराया गया. घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही. जानकारी अनुसार, करीब छह कट्ठा जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है. बताया जाता है कि संबंधित जमीन एक पक्ष के नाम से खारिज हो चुकी है, जबकि दूसरा पक्ष इस दावे को स्वीकार नहीं कर रहा है. इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए एवं विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसक झड़प में बदल गया. मारपीट के दौरान लाठी-डंडे एवं अन्य सामानों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आयी है. घायलों में एक पक्ष के दिगंबर कुमार, चंदेश्वरी पंडित, संतलाल, सतीश कुमार, जगदेव एवं प्रिय नंदन अमित शामिल हैं. वहीं दूसरे पक्ष से नंदलाल पंडित एवं बुंदेलाल पंडित घायल हुए हैं. सभी घायलों का प्राथमिक उपचार स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया. कुछ घायलों के सिर एवं शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आयी है. घायल नंदलाल पंडित एवं बुंदेलाल पंडित ने आरोप लगाया कि उन पर दबिया एवं लाठी-डंडे से हमला किया गया. वहीं दिगंबर कुमार ने भी दूसरे पक्ष पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. थानाध्यक्ष कुंदन कुमार सहनी ने बताया कि जमीन विवाद को लेकर मारपीट की सूचना मिली है. मामले की जांच की जा रही है. दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस पूरे घटनाक्रम की छानबीन कर रही है एवं विवाद के कारणों के साथ जिम्मेदार लोगों की पहचान में जुटी हुई है.
जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, आठ लोग घायल
थाना क्षेत्र के तरहा गांव वार्ड 13 में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी. घटना में दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हो गये.
