नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर में बुधवार को हाट-गुदरी एवं होर्डिंग-विज्ञापन की बंदोबस्ती को लेकर खुली डाक नीलामी की प्रक्रिया संपन्न करायी गयी.
By Dipankar Shriwastaw | Updated at :
विजय ने 26.11 लाख में लिया हाट, अरविंद को 10.55 लाख में मिला होर्डिंग का टेंडर
सिमरी बख्तियारपुर. नगर परिषद सिमरी बख्तियारपुर में बुधवार को हाट-गुदरी एवं होर्डिंग-विज्ञापन की बंदोबस्ती को लेकर खुली डाक नीलामी की प्रक्रिया संपन्न करायी गयी. कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास की मौजूदगी में नगर परिषद कार्यालय परिसर में आयोजित इस खुली डाक में संवेदकों के बीच भारी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली.
हाट-गुदरी के लिए छह लोगों ने लिया हिस्सा
हाट एवं गुदरी सैरात की बंदोबस्ती के लिए कुल छह लोगों ने टेंडर प्रक्रिया में भाग लिया. इस दौरान विजय कुमार भगत और संजीव कुमार के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. अंत में विजय कुमार भगत ने सबसे अधिक 26 लाख 11 हजार रुपये की बोली लगाकर हाट-गुदरी की बंदोबस्ती में प्रथम स्थान पर रहकर अपने नाम कर ली. वहीं संजीव कुमार 26 लाख 6 हजार रुपये की बोली लगाकर दूसरे स्थान पर रहे. इस डाक में शामिल अन्य प्रतिभागी पंकज भगत, मोहन कुमार, मोहन कुमार और आदित्य राज ने ऊंची बोली लगने के बाद खुद को डाक से अलग कर लिया.
होर्डिंग के लिए 12 संवेदक मैदान में उतरे
नगर परिषद क्षेत्र में होर्डिंग एवं विज्ञापन (एलईडी डिस्प्ले सहित) की बंदोबस्ती के लिए सबसे अधिक 12 संवेदकों ने दावेदारी पेश की. यहां भी कांटे की टक्कर रही, लेकिन अंत में अरविंद कुमार ने बाजी मारी. अरविंद कुमार ने सर्वाधिक 10 लाख 55 हजार रुपये की बोली लगाकर होर्डिंग की बंदोबस्ती हासिल कर ली. इस श्रेणी में भी संजीव कुमार मात्र 4 हजार रुपये पीछे रह गये और 10 लाख 51 हजार रुपये की बोली के साथ दूसरे स्थान पर रहे. इस प्रक्रिया में भाग लेने वाले अन्य प्रतिभागियों में विजय कुमार, पंकज कुमार भगत, डिंपल कुमार, मोहन कुमार पिता देवनारायण चौधरी, मोहन कुमार पिता रामशरण यादव, शहवाज आलम, रविकुमार, श्याम कुमार और मो जिशान शामिल थे.
शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई प्रक्रिया
कार्यपालक पदाधिकारी रामविलास दास ने बताया कि खुली डाक की पूरी प्रक्रिया निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गयी. उन्होंने बताया कि सफल संवेदकों के साथ अब आगे की कागजी और औपचारिक प्रक्रिया पूरी की जायेगी. इस मौके पर नगर परिषद के अध्यक्ष फसीहा खातून, उपाध्यक्ष इंदू भगत व सशक्त कमेटी की सदस्य राजकुमारी देवी, निगार फातिमा, विकास कुमार विक्की, नप कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे.