सुनसान घर फिर बना निशाना, लाखों के जेवरात और नगदी की चोरी

सुनसान घर फिर बना निशाना, लाखों के जेवरात और नगदी की चोरी

छह लाख रुपये के जेवरात और 70 हजार रुपये नगद पर किया हाथ साफ सहरसा. सदर थाना क्षेत्र के गंगजला, गौतम नगर, वार्ड संख्या 15 में बीती रात चोरों ने एक बार फिर पुलिस-प्रशासन को चुनौती देते हुए सुनसान घर को निशाना बनाया है. चोरों ने लाखों के जेवरात और नगदी की चोरी कर ली. इस वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गयी. निजी कंपनी में एकाउंटेंट के पद पर कार्यरत पीड़ित आशीष रंजन ने बताया कि अपने परिवार के साथ घर से बाहर थे. उन्होंने बताया कि पत्नी को पटना में परीक्षा दिलाने गये थे. बीमार मां को हटिया गाछी स्थित बहन के यहां रख कर पटना गये थे. इसी बीच चोरों ने मौका पाकर चोरी कर ली. चोरों ने सबसे पहले घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और उसके बाद अंदर प्रवेश किया. घर के अंदर प्रवेश कर चोरों ने अलमीरा को तोड़कर उसमें रखे करीब छह लाख रुपये के जेवरात और 70 हजार रुपये नगद पर हाथ साफ कर दिया. पीड़ित ने बताया कि यह नगद राशि घर की मरम्मत के लिए रखी गयी थी. चोरों ने न केवल अलमीरा और तिजोरी को खंगाला, बल्कि पूरी तरह से घर के सामानों को अस्त-व्यस्त कर दिया. आश्चर्य की बात यह रही कि चोरों ने वारदात को अंजाम देने से पहले बगल में रह रहे पीड़ित के चचेरे भाई के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया. ताकि वारदात के दौरान किसी प्रकार की भनक आसपास के लोगों को न लगे. सोमवार की सुबह जब पीड़ित के चचेरे भाई ने घर से बाहर निकलने की कोशिश की तो देखा कि बाहर से दरवाजा बंद है. उसे बंद देख शक हुआ, आसपास के लोगों की मदद से जब दरवाजा खोला गया तो चोरी की घटना का पता चला. इसके बाद आनन-फानन में इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी गयी. पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. डॉग स्क्वायड की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया. पुलिस टीम द्वारा घर और आसपास के इलाके का मुआयना किया गया, लेकिन चोरों का कोई सुराग नहीं लगा. लोगों ने बताया कि शहर में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. आये दिन चोर सुनसान और तालाबंद घरों को निशाना बना रहे हैं. जिससे लोगों में भय और आक्रोश व्याप्त है. चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar Shriwastaw

Dipankar Shriwastaw is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >