सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वायरल फोटो मामले में पुलिस की कार्रवाई
वायरल तस्वीर के सत्यापन के बाद पतरघट पुलिस की छापेमारी
पतरघट. स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत पतरघट मुख्य बाजार निवासी दो युवकों की अवैध हथियार के साथ सोशल मीडिया पर वायरल हो रही तस्वीरों के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विधि विरुद्ध बालक को कट्टा के साथ निरुद्ध किया है. वायरल तस्वीरों की खबर सामने आने के बाद पुलिस महकमा सक्रिय हो गया और मामले के सत्यापन के लिए कार्रवाई शुरू की गयी. थानाध्यक्ष शशि कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ कुछ युवकों की वायरल तस्वीरों के संबंध में प्राप्त सूचना एवं वरीय पुलिस पदाधिकारियों के निर्देश के आलोक में कार्रवाई की गयी. पुलिस ने वायरल तस्वीर का सत्यापन कर उसमें दिख रहे युवक की पहचान की और उसकी गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया.
पुलिस वाहन देख भागने लगा युवक
उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर उनके नेतृत्व में पीटीसी धर्मेंद्र कुमार एवं पुलिस बल द्वारा पतरघट बाजार और मानिकपुर के बीच छापेमारी की गयी. इस दौरान पुलिस वाहन को देखकर एक युवक भागने का प्रयास करने लगा. संदेह के आधार पर उसे पकड़ लिया गया. पकड़े गए चिह्नित विधि विरुद्ध बालक की तलाशी लेने पर उसके पास से एक कट्टा बरामद किया गया. पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीर में इसी कट्टे का प्रदर्शन किया गया था. थानाध्यक्ष ने बताया कि दूसरी तस्वीर में पिस्टल के साथ दिख रहे युवक की भी पहचान कर ली गयी है. हालांकि वह पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए फिलहाल फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने अवैध हथियार बरामदगी मामले में पतरघट पंचायत वार्ड चार निवासी विजय साह, पिता नाथो साह सहित दो विधिविरुद्ध बालकों के विरुद्ध पतरघट थाना में मामला दर्ज किया है. दो विधि विरुद्ध बालकों में से एक को कट्टा के साथ निरुद्ध कर मंगलवार को न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि शेष नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अभियान चला रही है.
