थानाध्यक्ष ने कहा था, कई सफेदपोश भी शामिल हैं कारोबार में
सहरसा : बीते शुक्रवार को प्रतिबंधित कॉरेक्स कफ सिरप व शराब की बड़ी खेप के साथ पकड़े गये दो अवैध कारोबारियों ने पुलिसिया पूछताछ में कई उद्भेदन किया था. थानेदार भाई भरत ने मीडिया को कहा था कि पकड़े गए अवैध कारोबारियों ने इस अवैध कारोबार में कई सफेदपोशों के शामिल होने की बात बतायी है. थानेदार ने किसी के नाम का खुलासा किए बगैर कहा था कि पकड़े गये विक्की भगत व चंदन कुमार ने इस कारोबार में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता व मीडिया से जुड़े कुछ लोगों के भी शामिल होने की बात बतायी है. उन्होंने बताया कि अवैध कारोबारियों ने ऐसे लोगों के द्वारा संरक्षण देने की बात कही है.
पुलिस ऐसे सभी लोगों पर कड़ी निगरानी बना लगातार नजर रख रही है. थानाध्यक्ष ने कहा कि अवैध कारोबार में कोई भी शामिल हो, बख्शा नहीं जायेगा. निर्धारित प्रावधानों के तहत ऐसे सभी लोगों पर समान रूप से कार्रवाई होगी. हालांकि थानाध्यक्ष के बयान के बाद लोगों की नजर पुलिसिया कार्रवाई पर टिकी हुई है.
