तीन जगहाें से फिर 10 लाख की चोरी

अपराध . शहर में बढ़ी चोरी की घटनाएं, चोरों में नहीं रहा पुलिस का भय सदर थाना क्षेत्र में चोर लगातार चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं. चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोगों में दहशत है. स्थिति ऐसी है कि कब कौन-सा घर चोर खाली कर दे, कहना मुश्किल है. चोरों ने […]

अपराध . शहर में बढ़ी चोरी की घटनाएं, चोरों में नहीं रहा पुलिस का भय

सदर थाना क्षेत्र में चोर लगातार चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दे रहे हैं. चोरी की बढ़ती घटनाओं से लोगों में दहशत है. स्थिति ऐसी है कि कब कौन-सा घर चोर खाली कर दे, कहना मुश्किल है. चोरों ने बुधवार की रात विद्यापति नगर में एसएनएस कॉलेज के राजनीतिशास्त्र के प्रध्यापक प्रो सुशील कुमार सिंह व उनके किरायेदार मंगुआर निवासी संजीव सिंह के घर का ताला तोड़ व रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित चावल विक्रेता मां शक्ति स्टोर की दीवार में सेंध मार कर लाखों की चोरी को अंजाम दिया है.
सहरसा : चोरों ने प्राध्यापक के घर का ताला तोड़ गोदरेज के लॉकर में रखे पांच लाख के जेवरात व 41 हजार नगदी की चोरी कर लिये. वहीं उसके किरायेदार संजीव सिंह के घर का ताला तोड़ तीन लाख के जेवरात व लगभग एक लाख नकदी की चोरी कर ली. सदर थानाध्यक्ष को दिये आवेदन में पीड़ित प्रोफेसर ने बताया कि पूजा में शामिल होने बीते 30 जनवरी को अपने घर बसनही थाना क्षेत्र के मंगुआर गये हुए थे. वहीं किरायेदार भी एक दिन बाद घर मंगुआर चला गया था. सुनसान घर देख चोरों ने घटना को अंजाम दिया. सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष भाई भरत ने सदल बल घटनास्थल पहुंच मामले की तहकीकात की.
सेंध मार दिया अंजाम : चोरो ने सदर थाना क्षेत्र के रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित मां शक्ति स्टोर की दीवार में सेंध मार कर 12 हजार नकद व 22 सौ रुपये का दो बोरा चावल चुरा लिया. दुकानदार अरुण पोद्दार ने बताया कि अन्य दिनों की तरह बुधवार की रात दुकान बंद कर बटराहा स्थित घर चला गया था. गुरुवार की सुबह दुकान खोलने पर देखा कि चोरी हो गयी. सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने घटनास्थल पहुंच मामले की तहकीकात की.
लगातार हो रही चोरी
मालूम हो कि बीते 25 जनवरी को रिफ्यूजी कॉलोनी बैरियर के समीप तीन दुकानों में सेंध मार कर हजारों की संपति की चोरी की थी. श्याम इंटरनेट एवं शांभवी ब्यूटी पार्लर के संचालक विजय गुप्ता दुकान खोलने आया तो देखा कि दुकान में सामान इधर उधर बिखड़ा था. खोजबीन के दौरान देखा कि गल्ला से 50 हजार नकदी व दो भरा हुआ चेक की चुरा लिया था. वहीं राजीव झा के सीमेंट दुकान के गल्ला से 16 हजार की चोरी कर ली. खादबीज के दुकान मालिक दिवाकर खां के दुकान से चोरों ने 36 सौ नकदी की चोरी कर ली थी. एक साथ तीन दुकान में चोरी की सूचना मिलते ही लोग आक्रोशित हो गये थे. लोगों ने आदित्य इ रिक्शा शोरूम के सामने एनएच 107 पर वाहन लगा कर, बांस बल्ला लगा बीच सड़क पर टायर जला कर प्रशासन के विरुद्ध जम कर नारेबाजी की थी.
रिफ्यूजी कॉलोनी बैरियर के समीप तीन दुकानों में चोरी के बाद सड़क जाम कर रहे लोगों ने थानाध्यक्ष से कहा था कि हरेक माह नये नये लॉज व घर का निर्माण हो रहा है. जिसमें छात्र के नाम पर कुछ असमाजिक तत्व शरण लेकर रहते हैं और अपराधिक घटना को अंजाम दे रहे हैं. थानाध्यक्ष ने कहा था कि एक सप्ताह के अंदर पूरे शहर के लोग अपने अपने किरायेदारों की जानकारी सदर थाना में जमा करें, ताकि उसका सत्यापन किया जा सके.
किरायेदारों की सूचना नहीं देने वाले मकान मालिक के घर में यदि कोई असमाजिक तत्व पकड़ायेगा तो मालिक पर भी सख्त कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने लोगों को सदर थाना का मोबाइल नंबर 9431822538 पर भी इस तरह की सूचना देने की अपील की थी. उन्होंने कहा कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति नजर आये तो आप बेहिचक सूचना दें. सूचना देने वालों का नाम गुप्त रखा जायेगा. लेकिन एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी एक भी सूची जमा नहीं की गयी. थानाध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही लॉज व घरों की तलाशी ली जायेगी.
हाल में हुई चोरी की घटनाएं
01 फरवरी : गौतम नगर गंगजला निवासी अवकाश प्राप्त बीएसएनएल पदाधिकारी भगवान झा के घर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम देकर लाखों का सामान चुरा लिया. चोरों ने घर से 25 हजार नगद, 50 ग्राम सोना एवं 250 ग्राम चांदी के जेवरात, बैट्री इनवर्टर, 25 पीस नई साड़ी, दो शॉल, चार पीस स्वेटर, दस जोड़ा शर्ट पैंट का कपड़ा, मिक्सचर ग्राइंडर, कलाई घड़ी सहित अन्य सामानों की चोरी कर ली.
31 जनवरी : सदर थाना क्षेत्र के सदर अस्पताल से आरण निवासी संदीप कुमार की बाइक (बीआर 43 सी 5811) चोरी हो गयी.
25 जनवरी : चोरों ने पूर्व सांसद सूर्य नारायण यादव के डुमरैल स्थित आवास से बीते रात लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पूर्व सांसद के मैनेजर संत कुमार ने बताया कि चोरों द्वारा घर से टीवी, इनवर्टर, जेवरात, राइफल की लगभग 150 गोली चोरी कर ली. वहीं सदर थाना क्षेत्र के गंगजला निवासी मो मकसूद आलम की होंडा शाइन बाइक पासवान टोला से चोरी हो गयी.
22 जनवरी : अनुमंडल कार्यालय परिसर से प्रोफेसर कॉलोनी निवासी जितेंद्र प्रसाद सिंह की हीरो होंडा स्पेलेंडर प्रो (बीआर 19 इ 3786) चोरी हो गयी. वहीं कचहरी चौक चोरों ने मोबाइल दुकान व दो पान दुकान में भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है. चोरों ने मो असफिल की मोबाइल दुकान से छह पीस चाइना मोबाइल सेट, मेमोरी कार्ड 16 जीबी का आठ पीस, आठ जीबी का 6 पीस, तीस बैट्री, 80 पीस इयर फोन, एक दर्जन चाइना लाइट, दो हजार नगद की चोरी कर ली.
10 जनवरी : शहर के दो जगहों से चोरो ने दो बाइक की चोरी कर ली. मत्स्यगंधा मेंला से चोरो ने पूर्णिया जिले के भवानीपुर निवासी विनोद कुमार की पैशन प्रो बाइक (बीआर 19 जी 4310) की चोरी कर ली. वही निबंधन कार्यालय से चोरो ने बिहरा थाना क्षेत्र के खादीपुर निवासी प्रेम कुमार की स्पेलेंडर प्रो बाइक (बीआर 19 इ 9864) की चोरी कर ली.
03 जनवरी : थाना के दो सौ गज की दूरी पर स्थित सुपर बाजार में चोरों ने दो दुकान कोसी स्पोटर्स एंड पुलिस स्टोर व सहरसा स्टेशनरी में भी चोरों ने दुकान का ताला तोड़ हजारों की सामान की चोरी कर ली.
01 जनवरी : गौतम नगर में चोरो ने नववर्ष के मौके पर जन अधिकार पार्टी के जिला उपाध्यक्ष गणेश यादव के घर लाखों की चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दी थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >