सिमरी बख्तियारपुर : सरस्वती पूजा को लेकर सरकारी व गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों में भव्य रूप तैयारी की गयी है. शहरी व ग्रामीण इलाकों में विभिन्न संस्थानों द्वारा भव्य पंडाल बनाकर सरस्वती पूजा की जा रही है. अनुमंडल के संत टैगोर पब्लिक स्कूल, रोज वैली पब्लिक स्कूल, गायत्री शिक्षा निकेतन, संत जेवियर्स पब्लिक स्कूल, ज्ञानस्थली, क्वांटम पब्लिक स्कूल, ज्ञान गंगा चिल्ड्रेन एकेडमी, किड्स ट्यूशन सेंटर सहित विभिन्न स्कूलों में भव्य पंडाल व आकर्षक सज्जा की गयी है. वहीं सिमरी बख्तियारपुर के हटियागाछी, पुरानी बाजार, भौरा, दुर्गा स्थान चौक, सैनी टोला, पहाड़पुर समेत कई इलाकों में सरस्वती पूजा को लेकर पंडाल बनाये गये हैं.
सलखुआ क्षेत्र के मुख्य बाजार, अलानी, चिड़ैया, कबीरा धाप, उटेसरा आदि जगहों पर भी सरस्वती पूजा को लेकर जबरदस्त उत्साह है. यहां होने वाली सरस्वती पूजा की साज सज्जा व प्रतिमा देखने लायक होती है. सभी सरस्वती पूजा समिति के सदस्यों ने बुधवार को होने वाली पूजा को लेकर लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली है. पूजा को लेकर बच्चों में तो उत्साह है ही, बड़े भी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. मंगलवार दिन भर सरस्वती पूजा को लेकर अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों के बाजारों में काफी भीड़ देखी गयी.
पूजा को लेकर फलों के दामों में जबरदस्त उछाल देखा गया. बाजार में दो दिन पूर्व तक जो गाजर दस से पंद्रह रुपये किलो था. वह मंगलवार को 20 से 25 रुपये किलो हो गया. मिश्रीकंद 20 रुपये किलो से बढ़ कर 25 रुपये किलो हो गया. कुछ ऐसा ही हाल बेर का है जो भी 30 रुपये किलो बिक रहा था. यही हाल केला, संतरा, सेब आदि फलों का भी रहा. हालांकि दाम बढ़ने का ज्यादा असर खरीदारों पर नहीं दिखा और लोगों ने आवश्यकता अनुसार खरीदारी की. बाजार में सजावटी सामान, पूजन सामाग्री आदि की जबरदस्त खरीदारी के लिए छात्र-छात्राओं की भीड़ उमड़ी और जिस वजह से सिमरी बख्तियारपुर, सलखुआ और तेलियाहाट बाजार में जाम की स्थिति बनी रही. फल और फूल दुकान सहित मिठाई दुकानों पर भी भीड़ बनी रही और स्थानीय प्रशासन भीड़ को नियंत्रित करता रहा.
