एसबीआइ मुख्य शाखा के पास बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
24 हजार रुपये की हुई छिनतई
सहरसा : एसबीआइ मुख्य शाखा से बुधवार को 24 हजार की निकासी कर जा रहे सौरबाजार थाना क्षेत्र के सहूरिया निवासी अनिल कुमार से 24 हजार छिनतई करने का मामला सामने आया है. घटना के बाद सदर थाना पहुंचे पीड़ित ने बताया कि खाता से 24 हजार की निकासी कर अपनी साइकिल से कंप्यूटर क्लास करने जा रहा था. बैंक से कुछ दूरी पर ही कुछ युवकों ने हाथ पकड़कर व मुंह बंद कर जेब में रखे सौ का दस हजार व दो हजार के सात नोट व पासबुक लेकर बाइक से भाग गया.
जिसके बाद उस का कुछ दूर पीछा भी किया लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. उन्होंने थानाध्यक्ष से बदमाशों पर कार्रवाई करने की मांग की है. मालूम हो कि इन दिनों रुपये छीनने व झपटमार गिरोह के आतंक से लोग परेशान है. कुछ दिन पूर्व भी पटेल मैदान के समीप एक महिला से रुपये छीनने का मामला प्रकाश में आया था. इस बाबत सदर थानाध्यक्ष भाई भरत ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है. छानबीन की जा रही है.
