ऋण वसूली के लिए पांच लोगों को नियुक्त करने का
लिया निर्णय
सहरसा : शंकर चौक स्थित एक निजी होटल के सभागार में पूर्व एमएलसी सह अध्यक्ष इसराइल राइन की अध्यक्षता में गुरुवार को वक्फ बोर्ड की बैठक हुई. इसमें जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी ने रिपोर्ट प्रस्तुत की. बैठक में निर्णय लिया गया कि जिले में वक्फ बोर्ड की जो भी संपत्ति है, उसे चिह्नित कर कब्जे से मुक्त कराया जाये. इसकी विस्तृत रिपोर्ट बिहार राज सुन्नी वक्फ बोर्ड को भेजी जाये. यह भी कहा गया कि कमेटी के पदाधिकारी व सदस्य प्रखंड स्तर पर दौरा कर बोर्ड की जमीन पर बोर्ड लगायेंगे. आवश्यकता पड़ने पर वहां के स्थानीय लोगों से सहयोग लेंगे.
बोर्ड के सचिव सचिव मो ताहिर ने कहा कि जिले के अल्पसंख्यक बच्चे बड़ी संख्या में बेरोजगार हैं. जिसे रोजगार उपलब्ध कराने के लिए ऋण देने की आवश्कता है. उन्होंने कहा कि पूर्व में दिये गये ऋण की वसूली के लिए भी गंभीरता से विचार करने की जरूरत है. इसके लिए पांच वसूलीकर्ता नियुक्त किये जाने का प्रस्ताव दिया गया.
अल्पसंख्यक बच्चे को मिलने वाली छात्रवृत्ति की समीक्षा की गयी. बैठक में अनवार आलम, मो सगीर आलम, मो मशरफ हुसैन, अनवर आलम, गुलनियाज टिंकू, अब्दुल मलिक, मो नूर आलम, मो मोहीउद्दीन, मो चांद खान, मो एहसान, मो जमील राइन सहित अन्य मौजूद थे.
