सिमरी : सावन मास की अंतिम सोमवारी को कांठो अंतर्गत बाबा मटेश्वर धाम में एक लाख से भी अधिक शिवभक्तों के जलार्पण करने की संभावना है. वहीं दो दिन पूर्व शनिवार को बाबा मटेश्वर में जलाभिषेक करने जाने वाले शिवभक्त सिमरी बख्तियारपुर सहित बनमा, सलखुआ मार्केट में बोलबम के जयकारों के बीच शाम तक जरूरत की चीजो की खरीदारी कर रहे हैं. वहीं सबसे ज्यादा भीड़ प्रिटिंग प्रेस के दुकानों पर है.
मुंगेर के छर्रापट्टी से जल उठाने के लिए अधिकतर शिवभक्त डाकबम के रूप में मटेश्वर धाम जाते हैं. जिसके लिए टी-शर्ट पर नाम व पता प्रिंट कराने के लिए प्रिंटिंग प्रेस में शिवभक्तों की भीड़ लगी रही. शर्मा चौक स्थित श्रीबालाजी प्रेस के मुकेश बताते हैं अंतिम सोमवारी को लेकर टी-शर्ट पर प्रिंट करवाने का जबरदस्त ऑर्डर है. अब तक लगभग डेढ़ हजार टी-शर्ट प्रिंट का ऑर्डर हो चुका है.
