सख्ती. नगर की साफ-सफाई को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त ने की बैठक
शनिवार को आयुक्त ने अिधकािरयों के साथ बैठक की. जिसमें शहर के जलजमाव की स्थिति से निबटने के लिए नाले का निर्माण, सड़कों की मरम्मत, बस पड़ाव में सफाई व नगर की सफाई आउट सोर्सिंग से कराने का निर्देश एसडीओ व नप के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया.
सहरसा : प्रमंडलीय आयुक्त कुंवर जंग बहादुर की अध्यक्षता में नगर की साफ सफाई, जल निकासी व स्वच्छता से संबंधित बैठक उनके कार्यालय प्रकोष्ठ में शनिवार को हुई. जिसमें शहर के जल जमाव की स्थिति से निबटने के लिए नाले का निर्माण, शहर के सड़कों की मरम्मत, बस पड़ाव में सफाई एवं नगर की सफाई आउट सोर्सिंग से कराने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी और नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को आयुक्त ने दिया. शहर की सफाई में यदि कोई व्यवधान डालता है तो उस पर प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया गया.
शहर के यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए सड़कों के अतिक्रमण को भी एसडीओ को हटाने का आदेश दिया. शहर के सड़कों की मरम्मति आरसीडी के कार्यपालक अभियंता और नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी करायेंगे. नगर विकास की योजना से मुख्यमंत्री शहरी विकास योजना के तहत फुटपाथ निर्माण के लिए दो करोड़ की राशि से वाक वे रोड का निर्माण नप करायेगा. आयुक्त ने जल जमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने का निर्देश दिया है. गली नाले के निर्माण को समेकित रूप से कराने पर इसका समाधान हो जायेगा और शहर के सौन्दर्यीकरण को भी बल मिलेगा. आयुक्त ने इस पर ठोस पहल का निर्देश नप के कार्यपालक पदाधिकारी को दिया है.
जल जमाव वाले क्षेत्र में गैयेक्सीन चूना, ब्लिचिंग पाउडर छिड़काव का निर्देश दिया. पानी की स्वच्छता बनी रहे, इसके लिए हेलोजन टेबलेट देने का भी निर्देश दिया है. जिस पर डीएम विनोद सिंह गुंजियाल ने बताया कि जल निकासी के लिए राशि उपलब्ध है. इसकी योजना तैयार कर ली गयी है. शीघ्र ही अग्रेतर कार्रवाई की जायेगी. शीघ्र ही जल निकासी के लिए टेंडर के बाद कार्य प्रारंभ होगा. तत्काल पूर्वी भाग में यह कार्य कराया जायेगा. जिससे शहर के जल जमाव की निकासी का स्थायी समाधान होगा. शहर में जलापूर्ति की मुक्कमल व्यवस्था के बारे में भी चर्चा की गयी और स्वच्छ जल सबों को उपलब्ध हो, इस पर भी कार्य का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी को दिया गया.
ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की मरम्मत व पेय जलापूर्ति के लिए संबंधित विभाग के कार्यपालक अभियंता व अधीक्षण अंभियंता को निर्देश दिया गया. बैठक में डीएम विनोद सिंह गुंजियाल, आयुक्त के सचिव ब्रजनंदन प्रसाद, आरटीए सचिव विनोद कुमार सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी नप दिनेश राम, तकनीकी विभाग के अभियंता, रोड आरसीडी, पीडब्लूडी रोड, पीएचइडी के कार्यपालक अभियंता सहित अधीक्षण अभियंता व उपनिदेशक जनसम्पर्क बिन्दुसार मंडल मौजूद थे.
