लू के चल रहे थपेड़े. गरमी में नरमी के आसार नहीं, पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना
गरमी लगातार बढ़ रही है. लोगों को घर बैठे परेशानी हो रही है. पंखे गरम हवा देते हैं. गरम पानी से नहाने की मजबूरी बनी हुई है. ऐसे में पंचायत चुनाव हो रहा है. जनसंपर्क में प्रत्याशियों की हालत खराब है. लोग बीमार हो रहे हैं. लेकिन अगले कुछ दिनों तक गरमी अौर बढ़ने की आशंका है. कम होने के आसर नहीं दिख रहे.
सहरसा नगर : बीते एक सप्ताह से गरमी के कारण के लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त है. गरम पछुआ हवा के थपेड़ों ने शहरवासियों को झुलसा दिया है. लोग भगवान सूर्य के इस रूप को देख त्राहिमाम कर रहे हैं. सोमवार को शहर का पारा 40 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. लोग दिन भर चिलचिलाती धूप व लू से परेशान रहे. सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक तेज धूप व गर्म हवाओं ने परेशान किया तो रात में उमस ने पसीने से तरबतर किया.
आलम यह है कि टैंक का पानी सुबह दस बजे ही गर्म हो जा रहा है. सड़क पर निकलने पर चप्पल व जूते गरम हो जा रहे हैं. बिना एसी व कूलर वाले घरों के कमरों का तापमान 32 डिग्री से ज्यादा रह रहा है. दोपहर में भीड़भाड़ रहने वाली सड़कें सूनी हो जा रही हैं. अबकी बार अप्रैल में ही मई जैसी झुलसाने वाली गरमी का कहर जारी है. तापमान बढ़ते ही लोगों को परेशानी होने लगी है. हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत चुनाव होने की वजह से प्रत्याशी लगातार तेज धूप में पसीना बहा रहे हैं. गरमी की वजह से उन लोगों की हालत भी खराब हो गयी है.
आप गरमी से ऐसे बचें: दिन में जरूरी हो तभी बाहर निकले. सिर ढंक लें. अधिक पानी पीएं. भोजन में हरी सब्जी का सेवन करें. समय-समय पर ओआरएस व इलेक्ट्रॉल पीते रहें.
अभी राहत नहीं: हल्के बादलों व हवा की वजह से बीते दो दिन तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गयी थी. बावजूद इसके पारा 40 डिग्री के करीब ही रहा. आने वाले दिनों में भी गरमी का मिजाज ऐसे ही रहेगा.
