विद्यालय प्रशासन के मनमाने रवैये के खिलाफ छात्र-छात्राओं सहित ग्रामीणों ने जम कर किया हंगामा
स्कूल में लगा दिया ताला, घंटों बाधित रहा पठन-पाठन
सिमरी नगर : अनुमंडल अंतर्गत मध्य विद्यालय एकपरहा में गुरुवार की सुबह ग्रामीणों ने विद्यालय प्रशासन के मनमाने रवैये के खिलाफ जमकर हंगामा किया. इस दौरान विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं सहित ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर विद्यालय में तालाबंदी भी कर दी, जिस वजह से घंटों तक विद्यालय में पठन-पाठन बाधित रहा.
अव्यवस्था का केंद्र बन गया विद्यालय :गुरुवार सुबह मध्य विद्यालय एकपरहा के ग्रामीण विद्यालय में तालाबंदी करते हुए विद्यालय के गेट पर बैठ गये. इस दौरान उन्होंने विद्यालय के प्राचार्य सहित अन्य शिक्षकों के खिलाफ मुदार्बाद के नारे लगाते हुए आरोप लगाया कि यह विद्यालय अव्यवस्था का केंद्र बन चुका है.
ग्रामीणों ने बताया कि पढ़ाई से लेकर मिड डे मील हर चीज में गड़बड़ी है, विद्यालय में पिछले कई दिनों से मिड डे मिल बंद है. वहीं शिक्षक भी अपनी मनमर्जी से स्कूल आते हैं. गांव के ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय के एक शिक्षक संतोष कुमार कभी-कभार स्कूल आते हैं, लेकिन हर रोज उनका अटेंडेंस बन जाता है. इसके साथ विद्यालय का एक भवन पिछले कई सालों से आधा अधूरा पड़ा है, लेकिन उसे पूर्ण नहीं कराया गया. विद्यालय के छात्राओं ने बताया कि स्कूल का शौचालय भी जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है. जिसके कारण हमें बगल के पोखर पर शौच के लिए जाना पड़ता है.
छात्राओं ने यह भी बताया कि स्कूल में एक स्पेशल शौचालय भी है, जिसमें सिर्फ शिक्षक जाते हैं और उसमें ताला लगा कर रखा जाता है. ग्रामीणों ने आक्रोशपूर्वक बताया कि बार-बार विद्यालय प्रशासन को विद्यालय ठीक तरह से चलाने को कहा गया लेकिन स्थिति कुछ दिनों के लिए ठीक होती है और फिर पहले की तरह हो जाती है.
बुजुर्गों के सहयोग से सुलझा मामला: गुरुवार सुबह मध्य विद्यालय एकपरहा में ग्रामीणों और छात्रों द्वारा विद्यालय में की गयी तालाबंदी घंटों की मशक्कत के बाद गांव के बुजुर्गों के सहयोग से ही शांत हुई. जिसके बाद गांव के युवाओं, बुजुर्गों सहित विद्यालय के प्राचार्य की एक बैठक हुई.
जिसमें विद्यालय के प्राचार्य ने ग्रामीणों को आगे से ऐसी गलती ना होने का आश्वासन दिया. वहीं गुरुवार को हुए हंगामे और तालाबंदी पर स्कूल के प्रिंसिपल मानदेव राम ने बताया कि विद्यालय के एक शिक्षक चार-पांच दिनों पर आते हैं और अपनी मनमर्जी से एटेंडेंस बना लेते हैं, मिड डे मिल चावल के अभाव मे बंद है, जिसे जल्द चालू कर दिया जायेगा. प्रिंसिपल ने अधूरे भवन के सवाल पर बताया कि जल्द ही विद्यालय भवन निर्माण शुरू करवाया जायेगा.
