शंकरपुर : थाना क्षेत्र के रायभीर पंचायत के वार्ड नंबर पांच से 28 फरवरी की रात्रि में आंगन के बरामद से सुप्तावस्था से गायब 18 वर्षीय युवक का 23 दिन बाद भी पुलिस प्रशासन बरामद करने में कामयाब नहीं हो सकी है. गौरतलब है कि रायभीर पंचायत के वार्ड नंबर पांच निवासी भरत शर्मा का पुत्र संजीव कुमार शर्मा का 28 फरवरी के रात्रि में सोये अवस्था में अज्ञात लोगों के द्वारा अपहरण कर लिया गया था. अपहरण की वारदात को लेकर संजीव के मामा रायभीर निवासी प्रभाष शर्मा के द्वारा शंकरपुर थाना में आवेदन देकर भांजा के बरामदगी की गुहार लगायी थी.
थाना को दिये आवेदन में भांजा संजीव कुमार पूर्णिया किसी कंपनी के प्लांट पर काम करता है. वह 28 फरवरी को अपने घर आया था और रात्रि में खाना खाने के बाद आंगन के बरामदे पर सोया हुआ था. सुबह में काफी खोजबीन किया. साथ ही अपने रिश्तेदार और अन्यत्र जगह भी खोज की गयी. लेकिन संजीव का कोई पता नहीं चल पाया. वहीं घटना को लेकर एक मार्च को स्थानीय थाना में अज्ञात लोगों के विरूद्ध अपहरण की प्राथमिकी दर्ज करवायी गयी. लेकिन पुलिस प्रशासन की सिथिलता के कारण 23 दिन बीत जाने के बाद भी अब तक अपहृत संजीव का कुछ पता नहीं चल पाया है. जिस कारण परिजनों में संसय बनी हुई है कि अपहरणकर्ताओं के द्वारा संजीव की हत्या कर लाश को कहीं अन्यत्र फेंक दिया हो. लोग दबी जुबान से कहते हैं कि मामला प्रेम प्रसंग का है. वहीं पुलिस इन सभी बिंदुओं पर गहन छानबीन कर रही है. थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का प्रतित होता है.
