सहरसा : सिटीसदर थाना क्षेत्र के मछली मार्केट में बीते शनिवार की देर शाम हुई गोलीबारी की घटना के बाद लोगों के आक्रोश को देख घटनास्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.
जो तीसरे दिन सोमवार को भी तैनात रही. विधि व्यवस्था को बनाये रखने के लिए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में क्विक रिस्पांस टीम प्रभारी मुकेश कुमार मंडल, सदर थाना के पुअनि उमेश प्रसाद, डीएपी जवान व लाठी बल घटनास्थल के अलावे मस्जिद के समीप तैनात रही.
वहीं सदर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह व टाइगर मोबाइल दस्ता लगातार गश्त लगाती रहे. कैंप कर रहे पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है. किसी भी तरह की अफवाह न फैले,
इसको लेकर मछली मार्केट के भाजपा नेता मो लुकमान अली, मो रफत परवेज, मो इमरान सहित अन्य ने भी प्रशासन के साथ लगातार मार्केट का भ्रमण कर लोगों को धैर्य रख प्रशासन का सहयोग करने की अपील की. खुली दुकानें, स्थिति सामान्य घटना के बाद बाजार के दुकानों का गिरा शटर तीसरे दिन खुला. धीरे-धीरे स्थिति भी सामान्य होती जा रही है.
लेकिन अभी भी स्थानीय लोगों व व्यवसायियों के चेहरे पर खौफ स्पष्ट झलक रही है. अन्य दुकानों की तरह राजा होटल भी सोमवार को अपनी निर्धारित समय पर खुला. होटल में लोग खाना खाने भी पहुंचे. लेकिन संचालक से लेकर स्टाफ तक चौकस रहे. हरेक आने-जाने वालों पर होटल कर्मियों की नजर थी.
हालांकि होटल के सामने पुलिस बल को देख होटल कर्मी ने निश्चिंत होकर खाना परोसा व लोगों ने खाना का लुत्फ उठाया. व्यवसायियों ने कहा कि घटना के बाद लोग सशंकित हैं.
देर रात तक खुलने वाली बाजार शायद अब अन्य बाजारों की तरह निर्धारित समय पर ही बंद हो जायेगी. बाजार में सुबह से ही मांस, मछली, चाय, पान व अन्य सामानों की खरीदारी करने वाले पहुंचते रहे.
नहीं हुई आरोपियों की गिरफ्तारी शहर के मुख्य बाजार में शुमार डीबी रोड से सटे मछली मार्केट में अपराधियों के तांडव ने पुलिसिया कार्यशैली की पोल खोल दी है. घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद होटल संचालक मो एहसान के बयान पर नामजद बनाये गये गांधी पथ निवासी गब्बर मल्लिक, बौआ मल्लिक, पटु मल्लिक, कल्लू, आदित्य सहित 10-15 अज्ञात में से एक भी अपराधी को पुलिस गिरफ्तार करने में सफल नहीं हो पायी है.
हालांकि घटना के बाद से आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. सोमवार को भी सदर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस बलों ने बटराहा सहित अन्य जगहों पर छापेमारी की. लेकिन कोई सफलता नहीं मिली. इस बाबत सदर थानाध्यक्ष ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
सजायाफ्ता है मुख्य आरोपी सदर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी गब्बर मल्लिक कुछ माह पूर्व ही जेल से आठ साल का सजा काटकर बाहर निकला है. पूर्व में भी वह जेल जा चुका है. उन्होंने बताया कि गब्बर पर सदर थाना में कई मामला दर्ज है. न्यायालय द्वारा सजायाफ्ता है.
कुछ दिन पूर्व जमानत पर बाहर निकला था और अपराध को अंजाम दे दिया है. फोटो – पुलिस 15 – गश्त लगाती पुलिसफोटो – दुकान 16 – सोमवार को खुली दुकानें तो बढ़ी चहलकदमी
