सहरसा से विनय कुमार मिश्र :
जिले में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग का कार्य अब तेजी से चल रहा है. इस चरण के तहत जिले के सभी घरों का सूचीकरण किया जा रहा है एवं प्रत्येक आवास पर हाउसहोल्ड नंबर अंकित किया जा रहा है. यह प्रक्रिया जनगणना का अहम आधार है. इसी से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है एवं उनका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करती है. जिला प्रशासन के अनुसार हाउस नंबरिंग एवं हाउस लिस्टिंग ब्लॉक का नजरी नक्शा तैयार करने का कार्य सभी प्रगणकों द्वारा चार मई तक हर हाल में पूरा किया जाना है.दो चरणों में होगा संपन्न
जनगणना 2027 को दो चरणों में संपन्न किया जाएगा. पहले चरण में मकान सूचीकरण एवं आवासीय विवरण का संकलन दो मई से 31 मई तक चलेगा. जबकि दूसरे चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी. इस पूरी प्रक्रिया के माध्यम से जिले के हर घर, परिवार एवं नागरिक से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां एकत्र की जाएंगी. जो भविष्य की नीतियों एवं योजनाओं के निर्माण में सहायक होगी.जनगणना कार्य में लगे प्रगणक एवं पर्यवेक्षक निर्धारित समयसीमा के भीतर अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर यह कार्य पूरा करेंगे. इस दौरान जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय कार्य में सहयोग करें एवं प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं.जिलाधिकारी सह प्रधान जनगणना अधिकारी दीपेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि जनगणना कार्य के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. जिला प्रशासन ने आम लोगों से आग्रह किया है कि वे इस महत्वपूर्ण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं. जिससे जनगणना कार्य समय पर एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.
