हाईटेक श्रेणी के सहरसा जंक्शन पर नहीं है वाई-फाई की सुविधा, प्रपोजल भी तैयार नहीं

सहरसा : भले ही सहरसा जंक्शन को हाईटेक बनाने के लिए डिवीजन स्तर पर मॉडल श्रेणी दर्जा प्राप्त हो, लेकिन यात्रियों को मिलने वाली वाली सुविधाएं जीरो है. इतने बड़े स्टेशन पर अब तक वाई-फाई की सुविधा नहीं शुरू की गयी है. जबकि समस्तीपुर डिवीजन के छोटे-छोटे स्टेशनों पर यात्रियों को वाई-फाई की सुविधा शुरू […]

सहरसा : भले ही सहरसा जंक्शन को हाईटेक बनाने के लिए डिवीजन स्तर पर मॉडल श्रेणी दर्जा प्राप्त हो, लेकिन यात्रियों को मिलने वाली वाली सुविधाएं जीरो है. इतने बड़े स्टेशन पर अब तक वाई-फाई की सुविधा नहीं शुरू की गयी है.

जबकि समस्तीपुर डिवीजन के छोटे-छोटे स्टेशनों पर यात्रियों को वाई-फाई की सुविधा शुरू कर दी गयी है. पूछने पर रेल टेलीकॉम विभाग के अधिकारी का कहना है अब तक प्लेटफॉर्म पर वाई-फाई लगाने के लिए प्रपोजल तैयार नहीं किया गया है. ऐसे में रेल यात्री वाई-फाई की सुविधा से वंचित है. जबकि पिछले वर्ष 2019 में ही पूरे जंक्शन को वाई-फाई से जोड़ने की प्लानिंग डिवीजन स्तर पर तैयार की गयी थी.
लेकिन राशि के अभाव में अब तक प्रपोजल तैयार नहीं किया गया है. वर्तमान में सहरसा-मानसी रेलखंड पर सिमरी बख्तियारपुर, सोनवर्षा कचहरी व कोपरिया स्टेशनों पर यात्रियों को वाई-फाई सुविधा तो मिल रही है, लेकिन यात्रियों का कहना है कि यह सिस्टम ठीक तरह से काम नहीं कर रहा है.
बता दें कि डिवीजन स्तर के अधिकारी सहरसा जंक्शन को हाईटेक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं. लेकिन कई महत्वपूर्ण प्लानिंग की राशि के अभाव में प्रपोजल भी तैयार नहीं किया गया है. वर्ष 2019 में सिर्फ टिकट बुकिंग काउंटर पर रेल टेल विभाग द्वारा 2 एमबीपीएस की वाई-फाई सुविधा शुरू की गयी थी. प्लेटफॉर्म नंबर एक इससे कनेक्ट हो जाता है.
वहीं अन्य प्लेटफॉर्म कम क्षमता होने की वजह से इस सुविधा से कनेक्ट नहीं हो पाता. वहीं प्लेटफॉर्म दो, तीन, चार व पांच पर रेल टेल विभाग ने वाई-फाई की सुविधा देने का प्लानिंग तैयार की थी. लेकिन एक साल बीतने के बावजूद इन प्लेटफॉर्म पर वाई-फाई की सुविधा नहीं शुरू की गयी है.
जबकि इन प्लेटफॉर्म से वैशाली, पुरबिया, हाटे बाजार, बांद्रा हमसफर जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का परिचालन होता है. टेलीकॉम विभाग का कहना है कि इन प्लेटफॉर्म पर वाई-फाई का प्रपोजल रेल टेल विभाग द्वारा तैयार होना है. इसके अलावा सहरसा जंक्शन पर कोच गाइडेंस सिस्टम योजना भी अधर में लटकी है. सर्वे के बाद भी कोच गाइडेंस सिस्टम लगाने की योजना पर रेल अधिकारियों की नजर नहीं है.
कहते हैं अधिकारी
सहरसा जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो, तीन, चार व पांच पर जल्द ही वाई-फाई सुविधा रेल यात्रियों को मिल सकेगी. इसके लिए रेल टेल विभाग से बड़े स्तर पर बातचीत होगी. प्रपोजल तैयार कर जल्द ही पूरे जंक्शन को वाई-फाई सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जायेगा.
संजीव कुमार, एएसटी समस्तीपुर डिवीजन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >